अयोध्या पैदल यात्रा में शामिल एक यात्री दुर्घटना में घायल


सोनकच्छ। रविवार को देवास से अयोध्या सुंदरकांड का पाठ करते हुए पैदल यात्रा कर रहे 12 सदस्यों के दल में शामिल सदस्य देवांश पिता चंद्रमणी जोशी 22 वर्ष निवासी सोनकच्छ हाल मुकाम देवास को अज्ञात वाहन ने सांची के समीप टक्कर मार दी। फलस्वरूप वह गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार पैदल यात्रा बुधवार को सांची से रवाना होकर विदिशा की ओर जा रही थी। इस दौरान दो यात्रियों ने रास्ते में चाय पीने की इच्छा जताई, तब देवांश भी उनके साथ रुक गया था। शेष यात्री आगे निकल गए। कुछ देर बाद देवांश ने चाय पीने से मना किया और बोला कि आप लोग रुको मैं गुरुजी को कवर करता हूं। तभी सांची से करीब 2 किलोमीटर दूर सुबह लगभग साढ़े 6 बजे किसी अज्ञात वाहन के चालक ने वाहन को लापरवाहीपुर्वक चलाकर देवांश को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। यात्रियों को घटना की जानकारी उस समय चली, जब देवांश के फोन को किसी अन्य व्यक्ति ने अटैंड कर बताया कि यह फोन जिस व्यक्ति का है, उनका यहां एक्सीडेंट हो गया है। यह जानकारी मिलते ही सभी यात्री मौके पर पहुंचे और घायल देवांश को 100 डायल वाहन की मदद से विदिशा मेडिकल कालेज ले गए, जहां पर प्रारंभिक उपचार के बाद घायल को भोपाल रेफर कर दिया। भोपाल के एक निजी अस्पताल में देवांश का उपचार प्रारंभ किया गया, किंतु शाम तक देवांश की हालात में सुधार नहीं हुआ तो देवांश को इंदौर रेफर कर दिया गया।

दुर्घटना से आहत योग गुरु ने की अयोध्या यात्रा निरस्त
चलित सुंदरकांड यात्रा का नेतृत्व कर रहे दिव्य योग संस्थान के संस्थापक योग गुरु राजेश बैरागी ने बताया कि हम 12 सदस्यीय दल रविवार को अयोध्या के लिए पैदल रवाना हुए थे। देवांश इस यात्रा के लिए काफी उत्साहित था और वह हमारे साथ लगातार चल रहा था, किंतु रास्ते में देवांश दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस घटना से हम सभी दुखी है और हमने अयोध्या पैदल यात्रा निरस्त कर दी है, सभी सदस्य वापस लौट रहे है।

Post Author: Vijendra Upadhyay