हमारी सरकार का संकल्प है हर हाथ को काम, हर खेत को पानी: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

हमारी सरकार का संकल्प है हर हाथ को काम, हर खेत को पानी: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पीपलरावां, देवास में किया विकास कार्यों का लोकार्पण/ भूमि पूजन

लाडली बहनों के खाते में अंतरित की मासिक राशि, जल कलश यात्रा का किया समापन

देवास/ प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज देवास जिले की सोनकच्छ तहसील के ग्राम पीपलरांवा से एक करोड़ 27 लाख लाड़ली बहनाओं के खाते में 1553 करोड़, 56 लाख सामाजिक सुरक्षा पेंशन हितग्राहियों के खाते में 337 करोड़ और 81 लाख किसानों के खाते में 1624 करोड़ रूपये सिंगल क्लिक से अंतरित किये। इस दौरान उन्होंने 144.84 करोड़ रूपये लागत के 53 कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण भी किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि रंजीत सागर परियोजना से आसपास के गांवों को सिंचाई के लिए पानी मिलेगा। क्षेत्र में हरियाली छायेगी और किसान समृद्ध होगा। उन्होंने कहा कि देखा तो नहीं है पर सुना है कि पारस पत्थर से लोहा छुआने से सोना बन जाता है। उन्होंने कहा कि हर खेत को पानी और बिजली की सुविधा मिले तो किसान समृद्धशाली होंगे और फसलरूपी सोना जरूर मिलेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सरकार किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी और बिजली उपलब्ध करा रही है। हमारे पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेई ने 20 वर्ष पहले जो नदी जोड़ो का सपना देखा था आज वह प्रदेश में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पूरा हो रहा है। प्रधानमंत्री ने हमें केन बेतवा लिंक योजना के लिए 1 लाख करोड रुपए दिए हैं। इस योजना से पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र की तस्वीर बदल जाएगी। 70 हजार करोड रुपए की पार्वती काली सिंध चंबल योजना पर भी कार्य शुरू हुआ है। प्रदेश के एक एक गांव, एक एक खेत तक पानी पहुंचाया जाएगा। हमने किसानों से वादा किया था कि उन्हें गेहूं का समर्थन मूल्य 2700 रुपए तक दिलवाएंगे। इस बार किसानों के लिए गेहूं का समर्थन मूल्य होगा ₹2600 होगा और अगले साल 2700 से अधिक हो जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार का उद्देश्य हर हाथ को काम और हर खेत को पानी देना है।
मध्यप्रदेश सरकार गरीबों, किसानों, युवाओं एवं महिलाओं की बेहतरी के लिए लगातार काम रही है। मध्यप्रदेश सरकार का संकल्प है कि प्रदेश में रोजगार उत्पन्न हो, इसके लिए ग्लोबल इन्वेस्टर समिट कर उद्योगपतियों को आमं‍त्रित किया जा रहा है। युवाओं को रोजगार देकर दुनिया में भारत का मान बढ़ाना और मध्यप्रदेश को अग्रणी राज्य बनाना हमारा उद्देश्य है। प्रदेश में महिलाओं, किसानों और सामाजिक सुरक्षा पेंशन हितग्राहियों के कल्याण के लिए प्रदेश में आगे बढ़कर कार्य किया जा रहा है। आज के समारोह में 1 लाख 27 करोड़ लाड़ली बहनाओं, 56 लाख सामाजिक सुरक्षा पेंशन हितग्राहियों, 81 लाख किसानों को 2054 करोड़ रूपये से अधिक की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदान की गई। प्रदेश सरकार योजनाओं के संचालन में कोई कमी नहीं रहने देगी। इस मौके पर उन्होंने बताया कि प्रदेश की 76 लाख बहनों को गैस की टंकी के लिए 450 रूपये भी प्रदान किये गये हैं। उन्होंने लाड़ली बहनाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान में प्रतिमाह 1250 रूपये की राशि दी जा रही है, इसे आगे चलकर 3000 रूपये तक करेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रयागराज महाकुम्भ के मार्ग में अवरोध उत्पन्न होने की सूचना प्राप्त हुई है। इसके लिए अधिकारियों को निर्देश दिये गये है कि मध्यप्रदेश के यात्रियों को किसी तरह की असुविधा नहीं होने दें। मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव ने कहा कि प्रयागराज जाने वाला मध्य प्रदेश का कोई भी तीर्थ यात्री भूखा प्यासा नहीं रहेगा। इस संबंध में प्रशासन को निर्देश जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि एम्स हॉस्पिटल में भर्ती ईटारसी के राजेन्द्र मालवीय, जिनकी हृदय गति लगभग 20 प्रतिशत से भी कम हो गई थी को, जबलपुर में दुर्घटना से ब्रेन डेड हुए व्यक्ति के हृदय से प्रतिस्थापित किया गया है, उसे आज उन्होंने एम्स हॉस्पिटल जाकर शुभकामनाएं एवं बधाई दी हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी गरीब व्यक्ति के अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती होने पर उसे एयर एंबुलेंस के माध्यम से नि:शुल्क रूप से बड़े अस्पताल में उपचार कराया जायेगा। गरीब से गरीब व्यक्ति का जीवन बचाना सरकार का उद्देश्य है।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा है कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश में विकास का कारवां चल रहा है। दुनिया में भारत का मान सम्मान बड़ा है। हमें मध्य प्रदेश को नंबर वन बनाना है। हमारी सरकार का संकल्प है हर व्यक्ति की बेहतरी, हर हाथ को काम और हर खेत को पानी। हम इस दिशा में तेज गति कार्य कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि रणजीत सागर कॉम्प्लेक्स सिंचाई परियोजना से गत 2 जनवरी को जलाभिषेक यात्रा प्रारंभ हुई थी, जो आज यहां संपन्न हो रही है। पहले इस योजना से 52 गांव डूब में आ रहे थे और अब 66 गांवों को पानी मिलेगा। यह हमारी नीति है, हर व्यक्ति की बेहतरी हो, किसी को नुकसान न हो। हमारी सरकार किसान युवा गरीब महिला हर वर्ग की जिंदगी बेहतर बनाने का कार्य कर रही है। हमारे युवाओं को उनकी दक्षता के अनुसार कार्य दिलाया जा रहा है। इसी माह प्रदेश में ग्लोबल इन्वेस्टर समिट आयोजित की जा रही है जिसमें प्रधानमंत्री श्री मोदी आ रहे हैं। इससे बड़ी संख्या में उद्योगों और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारे समाज में मां बहन बेटियों का सर्वोच्च स्थान है। जिस घर में मां बहन बेटी ना हो उसे भूतों का निवास कहा जाता है। मंदिरों में माता की स्थापना की जाती है। हमारी संस्कृति राधे-श्याम सीता-राम की है। हमारी सरकार निरंतर बहनों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। बहनों के लिए लाडली बहना, उज्ज्वला योजना, कल्याणी आदि अनेक योजनाएं चलाई जा रही है। लाडली बहना की राशि को भी धीरे-धीरे बढ़ाकर ₹3000 प्रति माह तक किया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में गरीबों को भी गंभीर बीमारी की हालत में निःशुल्क एयर एंबुलेंस की सेवा प्रदान की जा रही है। हमने निर्णय लिया है कि जो भी व्यक्ति अंगदान या देहदान करेगा उसे गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। आंख आदि छोटे अंग दान करने वालों का 26 जनवरी एवं 15 अगस्त को सम्मान किया जाएगा।
इस अवसर पर उन्होंने जनप्रतिनिधियों द्वारा की गई मांगों को स्वीकार करने की घोषणा भी की।

जल कलश यात्रा का समापन किया

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पार्वती, कालीसिंध एवं चंबल नदी के पानी को घड़े में मिलाकर जल कलश यात्रा का समापन किया। उल्लेखनीय है कि 02 जनवरी से नगर भंवरासा से कलश यात्रा के माध्यम से जलाभिषेक अभियान की शुरूआत हुई थी, जिसका आज समापन हुआ। जल कशल यात्रा के दौरान तीनों नदियों के जल को एकत्रित किया गया तथा समापन पर सभी तीनों नदियों के जल को एक घड़े में मिलाकर इसे रंजीत सागर डेम में प्रवाहित किया जायेगा।
राजस्व मंत्री श्री करणसिंह वर्मा ने संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में पहली बार नामांतरण, बटवारा, सीमांकन आदि के कार्य रिकार्ड स्तर पर संपादित हुए हैं। प्रदेश में सायबर तहसील के कारण अब 20 दिन में नामांतरण और 30 दिन में सीमांकन का कार्य संपन्न हो रहा है। प्रदेश में भ्रष्टाचार मुक्त शासन का संचालन किया जा रहा है। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक डॉ. सोनकर ने भी संबोधित करते हुए जलाभिषेक अभियान की जानकारी दी और क्षेत्र के लिए आवश्यक कार्यों को स्वीकृत करने का अनुरोध किया।
इस दौरान विधायक सोनकच्‍छ श्री डॉ. राजेश सोनकर, विधायक खातेगांव श्री आशीष शर्मा, विधायक हाटपीपल्‍या श्री मनोज चौधरी, विधायक बागली श्री मुरली भंवरा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लीला अटारिया, नगर पंचायत अध्‍यक्ष सुश्री कविता शर्मा, श्री रायसिंह सेंधव, नगर निगम सभापति श्री रवि जैन, श्री बहादुरसिंह पिलवानी, श्री निरंजन सिंह सेंगर, श्री अनिल चावड़ा, श्री संजय जोशी, श्रीमती ललीता राजपूत, श्री नंदकिशोर पाटीदार, महेश पाटीदार, निरंजन सिंह सेंगर, श्री बहादुरसिंह मुकाती, श्री रायबहादुर, श्री सुरेश आर्य, श्री नरेन्द्र सिंह राजपूत, श्री राजेश यादव, श्री महेश पांचाल, श्री दुर्गेश अग्रवाल, श्री पृथ्वीराज सिंह सहित अन्‍य जनप्रतिनिधिगण एवं गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

Post Author: Vijendra Upadhyay