देवास/ संगीत महर्षि पद्मविभूषण से सम्मानित पंडित कुमार गंधर्व की 28 वी पुण्यतिथि के अवसर पर कुमार गंधर्व प्रतिष्ठान देवास के द्वारा संगीत सभा का आयोजन शनिवार 11 जनवरी और रविवार 12 जनवरी 2020 को भानुकुल माता जी का रास्ता देवास (कुमार जी का निवास) पर किया गया है।संक्रांति पर्व के पूर्व यह आयोजन प्रतिदिन शाम 6 बजे से होगा।
इस वर्ष देश के युवा और प्रसिद्द कलाकारों में मुंबई के श्री भाग्येश मराठे का गायन, कोलकाता के पंडित देवाशीष भट्टाचार्य का सरोद वादन, बैंगलोर की श्रीमती भारती प्रताप का गायन और पुणे के श्री आनंद भाटे का गायन होगा।
भाग्येश मराठे, जानेमाने विद्वान गायक पंडित राम मराठे जी के पौत्र है, जिन्होंने अपनी संगीत की शिक्षा अपने पिता श्री संजय मराठे जी से प्राप्त की. आपका नाम आज देश के होनहार उदीयमान गायकों में आता है. आपकी गायकी में पंडित राम मराठेजी और पंडित कुमार गंधर्वजी की गायकी का सुन्दर मिश्रण सुनने को मिलता है। कई पुरस्कारों से सम्मानित भाग्येश वर्त्तमान में हुबली (कर्नाटक) में गुरुकुल पद्धति से पंडित केदार बोडस से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे है।
पंडित देवाशीष भट्टाचार्य, रामपुर सहसवान घराने के पंडित काशीनाथ चट्टोपाध्याय के पौत्र है। आपकी तालीम पिता पंडित श्याम सुन्दर भट्टाचार्य से हुई, तत्पश्चात विख्यात सरोद वादक पंडित बुद्धदेव दास गुप्ता के सानिध्य में आपने वर्षो प्रशिक्षण प्राप्त किया. अपने अथक प्रयासों और समर्पण के कारण आपका नाम आज देश के महत्वपूर्ण सरोद वादकों में आदर से लिया जाता है।
सुश्री भारती प्रताप, आगरा घराने के पंडित रामाराव नाइक और पंडित मारुतिराव मुजुमदार की सुशिष्या है। आप आगरा अतरौली घराने की विदुषी ललित जे राव के सानिध्य में विगत सत्रह वर्षो से गहन संगीत अभ्यास कर रही है। संगीत के प्रति अपने लगाव के कारण आपने HMT में इलेक्ट्रोनिक इंजीनियर की नौकरी छोड़ कर पूरा जीवन संगीत को समर्पित किया है।
आनंद भाटे, का नाम आज किराना घराने के युवा गायकों रूप में प्रसिद्द है। आप आनंद गंधर्व के उपनाम से भी जाने जाते है. आप भारतरत्न पंडित भीमसेन जोशी जी के सुशिष्य है। आपको शास्त्रीय गायन के अलावा उत्तम सुगम गायन के लिए भी जाना जाता है. 2011 में आपको मराठी फिल्म बालगंधर्व में पार्श्वगायन के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
इस वर्ष समारोह में संगति कलाकारों के रूप में विख्यात तबला वादक बैंगलोर के पंडित रविन्द्र यवगल, पुणे के प्रशांत पाण्डव और हार्मोनियम पर मुंबई के निरंजन लेले होंगे।