विश्व जल दिवस पर विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने पेड़ बचाने और लगाने की ली प्रतिज्ञा
देवास। राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय अवार्ड से सम्मानित प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था ऑरेंजेस सोशल वेलफेयर सोसाईटी का पेड़ बचाओ अभियान केन्द्रीय विद्यालय देवास से तीन साल पहले शुरू हुआ और पूरे देश में फैल गया। संस्था की पूनम योगेश पांडे ने बताया कि आज पूरी दुनिया वृक्षों की अंधाधुध कटाई के दुष्परिणाम भुगत रही है। बढ़ता तापमान और घटता जल स्तर जैसी गंभीर समस्या को देखते हुए हम पिछले तीन सालों से सेव पेपर, सेव ट्री अभियान चला रहे हैं। संस्था के वरिष्ठ महेश पंवार ने बताया कि हमने लगभग म.प्र. के सभी जिला शिक्षा अधिकारी के माध्यम से समस्त शासकीय स्कूल के प्राचार्य को सूचित किया कि परीक्षा उपरांत सभी छात्र छात्राओं से वर्तमान में दी गई पुस्तकें जमा करवा ले और आगामी प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को वही पुस्तकें वितरित करना सुनिश्चित करें। संस्था के ऋषि चौहान ने बताया कि एक पेड़ से ए-4 साईज के 3000 पेज बनते हैँ जब लाखों बच्चों की किताबों का पुन: इस्तेमाल होगा तो लाखों पेड़ कटने से बचेंगे और लाखों रूपयों की बचत भी होगी। संस्था अध्यक्ष मनोज पटेल ने बताया कि पर्यावरण के लिए काम करने पर संस्था को प्रतिष्ठित पर्यावरण गौरव सम्मान, इंडियस ग्रेट लीडर अवार्ड जैसे राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। आपने बताया कि विश्व के बहुत से देशों में किताबों का पुन: इस्तेमाल होता है और उसके बहुत अच्छे परिणाम प्राप्त हो रहे है। पटेल ने अपील की है कि अपने बच्चोंं की किताबों का पुन: इस्तेमाल कर देेश के सबसे बड़े पेड बचाओ अभियान में शामिल हों।