आरटीओ चालान एपीके लिंक से 7.98 लाख की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

आरटीओ चालान एपीके लिंक से 7.98 लाख की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

देवास पुलिस ने कोलकाता से पकड़ा, 4.96 लाख रुपये नकद और मोबाइल जब्त

देवास पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक आरोपी को करीब 1600 किलोमीटर दूर कोलकाता से और दूसरे को लगभग 800 किलोमीटर दूर से पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से 4 लाख 96 हजार 500 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।

यह मामला 2 जनवरी 2026 को नाहर दरवाजा थाने में दर्ज किया गया था। फरियादी मनोहर राव ने शिकायत में बताया कि उनके व्हाट्सएप पर आरटीओ चालान एपीके नाम से एक संदिग्ध लिंक भेजा गया था। जैसे ही उन्होंने लिंक डाउनलोड किया, उनका मोबाइल हैक हो गया और बैंक खाते से 7 लाख 98 हजार रुपये निकाल लिए गए।

शिकायत के बाद पुलिस ने ई एफआईआर दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू की। डिजिटल ट्रेल के आधार पर आरोपियों की लोकेशन ट्रैक की गई और जिन बैंक खातों में ठगी की रकम ट्रांसफर हुई थी, उन्हें फ्रीज कराया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद ताहिर (32) और राहिल (36) निवासी कोलकाता, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है। इनके पास से 4 लाख 96 हजार 500 रुपये नकद और करीब 35 हजार रुपये कीमत के दो एंड्रॉइड मोबाइल बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार यह पूरी कार्रवाई ई जीरो एफआईआर प्रणाली के तहत की गई है, जिससे साइबर अपराधों पर तेजी से नियंत्रण किया जा रहा है। जिले में ऑपरेशन साइबर भी चलाया जा रहा है, जिसके तहत पुलिसकर्मियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है और आम लोगों को भी जागरूक किया जा रहा है।

Post Author: Vijendra Upadhyay