सिरोंज बैराज विंगवॉल के पास कटाव को दो दिन में दोबारा भरा गया

सिरोंज बैराज विंगवॉल के पास कटाव को दो दिन में दोबारा भरा गया

जल संसाधन मंत्री सिलावट ने बैराज की क्षति पर दिए जांच के निर्देश, दोषियों पर होगी कार्रवाई

भविष्य की सुरक्षा के लिए बनाई जा रही है अतिरिक्त प्रोटेक्शन वॉल

देवास। शिप्रा नदी पर हाटपीपल्या विधानसभा अंतर्गत ग्राम होशियारी एवं मकोडिया के मध्य बनाये गये सिरोंज बैराज कम काजवे के कैचमेंट एरिया में हुई अत्यधिक बारिश के कारण बैराज के पास खेत की मिट्टी में भारी कटाव होने एवं तेज बहाव के चलते गत 9 जुलाई 2026 को बैराज की विंगवॉल के अंदर का बैकफिलिंग मटेरियल बह गया था। इस पूरे मामले को संज्ञान में लेते हुए मध्य प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने जल संसाधन विभाग को बैराज क्षेत्र में हुए मिट्टी कटाव के मामले में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिये। जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने इस मामले में विभागीय अधिकारियों को जांच के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। जांच में जो दोषी पाये जायेंगे उनके विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी।
कार्यपालन यंत्री जल संसाधन संभाग देवास एस.एस. जादौन ने बताया कि जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट के निर्देशानुसार अगले ही दिन यानी 10 जुलाई 2026 से ही पुनः बैकफिलिंग का कार्य प्रारंभ कर दिया गया। महज दो दिनों के भीतर, 12 जुलाई 2026 तक बह चुके फिलिंग मटेरियल को पूरी तरह से दोबारा भर दिया गया। भविष्य में अत्यधिक बारिश या बाढ़ की स्थिति में इस प्रकार के मिट्टी कटाव को रोकने के लिए वहां एक अतिरिक्त प्रोटेक्शन वॉल बनाई जा रही है। उन्होंने बताया कि बैराज कम काजवे का निर्माण के लिए 2.18 करोड़ रु.का अनुबंध निर्माण एजेंसी मेसर्स कटारे एन्ड कंपनी (जे.व्ही.) ग्वालियर के साथ किया गया है। कंपनी द्वारा वर्षा पूर्व लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूर्ण किया गया है शेष कार्य वर्षा उपरांत किया जाना है।

Post Author: Vijendra Upadhyay