फेथ फाउंडेशन की टॉपर ने नीट में भी लहराया सफलता का परचम
देवास। फेथ फाउंडेशन ग्लोबल स्कूल की इसी वर्ष 12वीं बोर्ड परीक्षा की टॉपर कृतिका सिंह ने बिना किसी कोचिंग संस्थान की सहायता के देश की प्रतिष्ठित नीट-यूजी परीक्षा में शानदार सफलता प्राप्त कर विद्यालय, परिवार और पूरे जिले का नाम रोशन किया है।
कृतिका ने नियमित स्व-अध्ययन, अनुशासित दिनचर्या और कठिन परिश्रम के बल पर यह उपलब्धि हासिल की। एक ही वर्ष में 12वीं बोर्ड में टॉपर बनने और नीट जैसी कठिन परीक्षा में सफलता प्राप्त कर उन्होंने यह सिद्ध कर दिया कि सच्ची लगन, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
अपनी सफलता पर कृतिका सिंह ने इसका श्रेय अपने माता-पिता, विद्यालय और सभी शिक्षकों को दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के सतत मार्गदर्शन, विद्यालय के प्रेरणादायी शैक्षणिक वातावरण और माता-पिता के अटूट विश्वास व सहयोग ने उन्हें हर कदम पर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए, तो सफलता निश्चित रूप से मिलती है।
कृतिका के पिता श्याम प्रकाश सिंह ने बताया कि उनकी बेटी की सफलता के पीछे उसकी मेहनत, परिवार का सहयोग और विद्यालय के शिक्षकों का सतत मार्गदर्शन रहा है।
विद्यालय की शैक्षणिक निदेशिका डॉ. एस. परिमला ने कृतिका को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन और विद्यार्थियों की मेहनत का उत्कृष्ट उदाहरण है। वहीं उप-प्राचार्य चक्रपाणि जोशी ने कहा कि कृतिका की उपलब्धि विद्यालय के सभी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है तथा यह संदेश देती है कि लक्ष्य के प्रति समर्पण और निरंतर प्रयास से कोई भी सपना साकार किया जा सकता है।
विद्यालय प्रबंधन एवं समस्त शिक्षक परिवार ने कृतिका सिंह को इस शानदार उपलब्धि पर हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा विश्वास व्यक्त किया कि वह एक सफल एवं संवेदनशील चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करेंगी।


