देवास 01 फरवरी 2020/ जीवन की वास्तविकता शिक्षा विद्यालयीन शिक्षा के बाद ही शुरू होती है। इसलिए किताबों को अपना मित्र बनाना चाहिए। शिक्षा एवं संस्कार विद्यार्थी की पूंजी है जो योग्य शिक्षकों के सानिध्य में अर्जित की जाती है। उक्त बातें कलेक्टर डॉ श्रीकांत पाण्डेय ने शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बालगढ़ देवास की पत्रिका ‘‘अरुणिमा” का विमोचन एवं विद्यालय की वेबसाइट modelschooldewas.com का शुभारंभ करते हुए कही।
इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. पाण्डेय ने कहा कि शालेय पत्रिका के माध्यम से एक और जहां विद्यार्थियों में लेखन के प्रति अभिरुचि जागृत होती है, वही वेबसाइट के माध्यम से विद्यालय में होने वाली समस्त गतिविधियों की जानकारी शासन एवं अभिभावकों को प्रेषित की जा सकती है। उल्लेखनीय है कि संस्था में विद्यार्थियों की गतिविधियों की जानकारी अभिभावकों तक एसएमएस द्वारा पहुंचाई जाती है।
इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. पाण्डेय ने विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई हिंदी, संस्कृत तथा सामाजिक विज्ञान विषय के प्रयोजन कार्य एवं क्राफ्ट, पुस्तकालय प्रयोगशाला आदि का अवलोकन किया एवं सभी कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य अनिल सोलंकी, हजारी लाल जाट, संगीता जोशी, बने सिंह राठौर, फैज अहमद जिलानी, दीक्षा दुबे, लक्ष्मी पाटीदार, निशा नागर, स्मृति शर्मा, सुनीता गौतम एवं स्टाफ के साथ अरुणिमा के संपादक दिलीप कुमार शर्मा उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन विकास महाजन ने किया किया तथा आभार प्रांजल रंजन अवस्थी ने माना।

