देवास। अशासकीय शिक्षण संस्था संचालक संघ की अति महत्वपूर्ण बैठक संगठन के अध्यक्ष राजेश खत्री की अध्यक्षता में संपन्न हुई। संगठन के प्रवक्ता आदित्य दुबे ने जानकारी देते हुए बताया कि, वर्तमान में संपूर्ण विश्व में व्याप्त कोरोना वायरस से फैली महामारी को देखते हुए देवास के अशासकीय विद्यालयों की भूमिका निश्चित करने हेतु यह बैठक रखी गई। जिसमें सचिव दिनेश मिश्रा, उपाध्यक्ष सैयद मकसूद अली, कोषाध्यक्ष सुरेश चव्हाण, कोर कमेटी के आलोक सिंह, सैयद अब्दुल बारी, प्रेम नाथ तिवारी शकील शेख सहित उपस्थित सभी विद्यालय संचालकों ने अपने विचार रखे।
बैठक में सर्व सम्मति से निर्णय लिया गया कि देवास के समस्त अशासकीय विद्यालय में आयोजित होने वाली वार्षिक परीक्षाओं को 2 अप्रैल 2020 तक स्थगित किया जाता है। और आगामी परीक्षाओं का संचालन राज्य शासन के द्वारा प्राप्त दिशा निर्देशों के अनुसार किया जाएगा। विद्यालय में समस्त शैक्षणिक कार्य स्थगित रहेंगे परंतु विद्यालय का कार्यालय चालू रख कर आवश्यक कार्य को संपन्न किया जाएगा। साथ ही संगठन द्वारा निर्णय लिया गया कि कोरोना वायरस से बचाव हेतु संगठन द्वारा जन जागरण कार्यक्रम चलाया जाएगा, जिससे कि इसकी रोकथाम में सहयोग किया जा सके और समस्त परिस्थितियां फिर से अपने सामान्य रूप में आ सके।