देवास जिले में फिट इंडिया फ्रीडम रन का हुआ आयोजन

बरसते पानी में भी उत्साह के साथ दौड़े जिले के युवा
———–

देवास 18 सितम्बर 2021/ आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम श्रृंखला के तहत नेहरू युवा केंद्र देवास (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) द्वारा जिला स्तरीय फिट इंडिया फ्रीडम रन का आयोजन किया गया।  बरसते पानी में भी उत्साह के साथ  जिले के युवा दौड़े और निर्धारित लक्ष्य को पूरा किया।  सांसद महेंद्र  सिंह सोलंकी एवं  विधायक श्रीमती गायत्री राजे पवार के शुभकामना संदेशो के बाद शहर के हृदय स्थल सयाजी द्वार से प्रारंभ हुई दौड़ को एडीएम महेंद्र सिंह कवचे ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दौड़ में राष्ट्रीय सेवा योजना, नेहरू युवा केंद्र संगठन, नेशनल कैडेट कोर एवं खेल विभाग से संबद्ध  युवाओं ने भाग लिया।
         उपस्थित युवाओं को संबोधित करते हुए नेहरू युवा केंद्र संगठन के उपनिदेशक अरविंद श्रीधर ने कहा कि  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर नेहरू युवा केंद्र संगठन देशभर में ग्राम्यांचल के साथ-साथ जिला मुख्यालय पर, फिट इंडिया फ्रीडम रन कार्यक्रमों का आयोजन कर रहा है। नेहरू युवा केंद्र देवास द्वारा भी जिला स्तर के अतिरिक्त जिले के विभिन्न 75 ग्रामों में भी फिट इंडिया फ्रीडम रन का आयोजन किया गया है, जिनके माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी के संदेश ” सबल नागरिकों से सबल राष्ट्र” को जन जन तक पहुंचाया जा रहा है।
      राजीव खंडेलवाल ने कहा कि  प्रधानमंत्री मोदी के हृदय में इस देश के युवाओं के प्रति विशेष भाव है और वह चाहते हैं कि युवा राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दें। इसके लिए जरूरी है कि हम सब स्वस्थ रहें ताकि अपनी अधिकतम क्षमताओं का उपयोग राष्ट्र निर्माण में कर सकें।
        समाजसेवी राजेश यादव ने कहा स्वस्थ नागरिक ही सबल राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं और हम सबको मिलकर यह प्रयास करना है कि सभी शारीरिक व्यायाम को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं।
         इस अवसर पर उपस्थित युवाओं एवं अतिथियों ने “फिटनेस का डोज – आधा घंटा रोज” का संकल्प भी लिया।
           कार्यक्रम को सफल बनाने में  प्रमोद पलाश्या, संजय बारोनिया, संजय गाडगे, डॉ अनीता भाना, सुदेश सांगते, आर एस केलकर, अनिल जैन, युनुस खान आदि ने महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया।

Post Author: Vijendra Upadhyay