श्री मोहनधाम मंदिर में श्रीमद भागवत प्रारंभ

  • कलश यात्रा निकली, जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत, कार्तिक कथा भी होगी

देवास। श्री मोहनधाम मंदिर में 7 दिवसीय श्रीमद भागवत कथा रविवार से प्रारंभ हुई। भव्य कलश यात्रा के साथ शुरु हुई भागवत कथा में पं. वैष्णवाचार्य पं. पीयूष महाराज आगामी 13 नवंबर तक कथा का वाचन करेंगे। सद्गुरु स्वामी संतोषदासजी जी पुण्य स्मृति में संगीतमय कथा का वाचन हो रहा है। श्री मोहनधाम मंदिर अलंकार मार्केट से निकली कलश यात्रा में सिंधी समाज की महिलाएं अपने सिर पर कलश धारण कर शामिल हुईं। सिंधी समाज के लिए गौरव की बात है कि पहली बार श्रीमद भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। दोपहर 3 बजे मोहनधाम मंदिर से निकली कलश यात्रा में मेहरदास दीपू महाराज भी शामिल हुए। पूज्य सिंध हिंदू पंचायत संरक्षक पूरण तलरेजा, अध्यक्ष विष्णु तलरेजा, सचिव अशोक पेशवानी, युवा संगठन अध्यक्ष जीतू पमनानी, सिंधी महिला मंडल अध्यक्ष रोमा आहूजा सहित बड़ी संख्या में समाजजन भी कलश यात्रा में शामिल थे। कलश यात्रा का समाज के लोगों ने शहर में जगह-जगह भव्य स्वागत कर उत्साहवर्धन किया।

उक्त जानकारी देते हुए खूबचंद मनवानी ने अपील की है कि ब्रह्मïलीन सद्गुरु स्वामी संतोशदास जी के आशीष से होने जा रही 7 दिवसीय श्रीमद भागवत कथा में श्रद्धालुजन अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर संगीतमय भागवत कथा का लाभ लें। कथा का आयोजन प्रतिदिन अपरान्ह 4 बजे से शाम 7 बजे तक किया जा रहा है। कथा समापन पर 13 नवंबर को भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा। वहीं 14 नवंबर से स्वामी गुरुचरण दास जी कार्तिक कथा एवं ऋषि ज्ञान ज्योति वृंदावन वाले भी गुरुनानक जयंती 19 नवंबर तक कथा एवं प्रवचन करेंगे।

Post Author: Vijendra Upadhyay