देवास 10 नवम्बर 2021/ मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देवास प्रभात कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में कोविड- 19 टीकाकरण के प्रति जागरूकता फैलाने एवं कोविड से सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देवास द्वारा जिला न्यायालय देवास एवं समस्त तहसील स्तर के न्यायालयों में विशेष रोको-टोको अभियान चलाया जाएगा।
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती निहारिका सिंह ने बताया कि एडीआर सेंटर भवन में इसके संबंध में विशेष न्यायाधीश रमेश कुमार श्रीवास्तव द्वारा अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष रामप्रसाद सूर्यवंशी एवं समस्त पदाधिकारीगण, अभिभाषक संघ के सम्माननीय सदस्यों की उपस्थिति में बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से अभियान की सफलता के लिए सहयोग एवं सहभागिता किये जाने पर सहमति बनी।
इस अभियान के अंतर्गत न्यायलय परिसर में आने वाले पक्षकारों, अधिवक्तागण, कर्मचारीगण का टीकाकरण सर्टिफिकेट चैक किया जावेगा एवं जिन व्यक्तियों द्वारा प्रथम या द्वितीय डोज नहीं लगाया गया है, उन्हें टीका लगवाने हेतु प्रेरित किया जाएगा। न्यायालय परिसर में आने वाले लोगों से कोविड-19 गाइडलाइन का कड़ाई से पालन करवाया जाएगा।

