भाजपाईयो ने की मांग, विधायक अपनी कार्यशैली बदले

देवास। देवास जिले की बागली विधानसभा में सत्ताधारी दल भाजपा के लिए परेशानी बढ़ती जा रही है। यहां पर विधायक की कार्यप्रणाली को लेकर भाजपा के कई पदाधिकारियों ने उस दिन त्यागपत्र दे दिया, जिस दिन पूरे देश में भाजपा अपना स्थापना दिवस मना रही थी और पार्टी के आला पदाधिकारी भाजपा में एकजुटता की बात का बखान करते फिर रहे थे। इस्तीफे के इस घटनाक्रम ने देवास जिले में भाजपा संगठन की पोल खोलकर रख दी है।

हालांकि भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव खंडेलवाल यह दावा कर रहे है कि इस्तीफा देने वाले सभी पदाधिकारी मान गए है और वे अपना इस्तीफा वापस ले लेंगे। वहीं इस्तीफा देने वाले पदाधिकारियों का कहना है कि जब तक विधायक अपनी कार्यशैली नहीं बदल लेते है और नगर परिषद के सीएमओ के तबादले नहीं हो जाते, तब तक हम इस्तीफा वापस लेने पर विचार नहीं करेंगे।

गौरतलब है कि बुधवार को बागली के भाजपा विधायक पहाड़सिंह कन्नौजे की कार्यप्रणाली व भ्रष्ट अधिकारियों को संरक्षण देने के आरोप लगाते हुए लोहारदा के भाजपा नगर अध्यक्ष नंदकिशोर बाल्दी, छगनलाल राठौर, सलीम कुरैशी, मंडल उपाध्यक्ष संजय गुप्ता, अल्पसंख्यक मोर्चा पदाधिकारी आजाद खान, युवा मोर्चा नगर अध्यक्ष मुकेश सैनी, लोकेश यादव व अन्य पदाधिकारियों ने मंडल अध्यक्ष के नाम वरिष्ठ नेता व पूर्व जिला उपाध्यक्ष बंशीलाल भूतड़ा को अपने-अपने पद से त्यागपत्र सौंप दिये थे। इसी घटनाक्रम के कुछ देर बाद स्वयं बंशीलाल भूतड़ा ने अपने दायित्वों से इस्तीफा दे दिया था। इस्तीफे देने की यह घटना सोशल मीडिया व मीडिया में वायरल होते ही भाजपा में हड़कंप मच गया था और जिले के आला पदाधिकारियों ने इस्तीफा देने वाले पदाधिकारियों को मैनेज भी करना शुरु कर दिया, किंतु जिन पदाधिकारियों ने इस्तीफे दिये है, वे इस बात पर अड़ गए है कि जब तक विधायक अपनी कार्यप्रणाली नहीं सुधार लेते है और नगर परिषद के अधिकारियों के तबादले नहीं हो जाते है, तब तक हम अपने इस्तीफे पर पुन: विचार नहीं करेंगे।

इस संबंध में मंडल उपाध्यक्ष संजय गुप्ता का कहना है कि बुधवार को भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव खंडेलवाल ने हमें न तो भाजपा कार्यालय पर बुलवाया था और ना ही उन्होंने हमसे कोई बातचीत की है। फिर भी यदि संगठन भाजपा विधायक पहाड़सिंह कन्नौजे की कार्यप्रणाली सुधारने का आश्वासन देता है या फिर जिम्मेदार अधिकारियों के तबादले करवाता है, तो हम इस्तीफे वापस ले लेंगे। 

सीएमओ के तबादले के लिए मुख्यमंत्री को पत्र लिखा : भाजपा जिलाध्यक्ष

उधर भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव खंडेलवाल ने बताया कि जिन लोगों ने इस्तीफे दिये है, उन लोगों ने सोशल मीडिया के माध्यम से यह कार्यवाही की है। मेरे पास किसी का त्यागपत्र नहीं आया है, इसीलिए स्वीकार या अस्वीकार करने का सवाल ही नहीं उठता है, फिर भी हमने उन पदाधिकारियों को हिदायत दी है कि आपने त्यागपत्र सोशल मीडिया पर वायरल करने का जो कृत्य किया है, वह अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। इसका स्पष्टीकरण मांगा है। उन्होंने विधायक की कार्यप्रणाली पर नहीं बल्कि नगर परिषद के अधिकारियों के भ्रष्टाचार को लेकर त्यागपत्र दिये थे। मैंने संबंधित सीएमओ के स्थानांतरण के लिए मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। 

Post Author: Vijendra Upadhyay