अनाज मंडी बरोठा से सोयाबीन चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
देवास। अनाज मंडी बरोठा में व्यापारी राकेश गुप्ता ने सुबह 8 बजे नीलामी के लिए सोयाबीन का ढेर लगाया था। शाम करीब 4 बजे जब व्यापारी ने मंडी में जाकर देखा, तो सोयाबीन का ढेर गायब था। व्यापारी ने तुरंत मंडी प्रभारी को इसकी सूचना दी, और सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की गई। फुटेज में गोपाल प्रजापत, निवासी हाथी गुराड़िया, और एक अन्य व्यक्ति को सोयाबीन की बोरियां भरकर पिकअप वाहन (क्रमांक MP 13 ZD 6153) में लोड करते हुए देखा गया।
मंडी प्रभारी द्वारा पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस ने व्यापारियों की सहायता से घेराबंदी कर पिकअप वाहन और आरोपी गोपाल प्रजापत को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4 कट्टे सोयाबीन, जिनकी कीमत लगभग 6000 रुपये थी, और वाहन को जप्त किया है।
पुलिस ने इस मामले में प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है और आरोपी गोपाल प्रजापत से उसके साथी और अन्य संभावित अपराधों के बारे में पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।


