अमलतास इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया मकर संक्रांति पर्व
देवास। अमलतास ग्रुप के शैक्षणिक संस्थानों में अपनी गौरवशाली परंपरा को जारी रखते हुए, आज अमलतास इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद में मकर संक्रांति का पावन पर्व अत्यंत उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। यह कार्यक्रम अमलतास ग्रुप के फाउंडर चेयरमैन के शुभाशीष और कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। संस्थान के परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण काइट फेस्टिवल (पतंग उत्सव) रहा। इसमें आयुर्वेदिक चिकित्सा के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और आसमान को रंग-बिरंगी पतंगों से सराबोर कर दिया। खेल और परंपरा के इस अनूठे संगम ने विद्यार्थियों के बीच नई ऊर्जा का संचार किया। कार्यक्रम के दौरान संस्थान के डायरेक्टर डॉ. अभिजीत तायडे, जनरल मैनेजर मनीष शर्मा एवं प्राचार्या डॉ. अनीता घोडके ने छात्रों का मार्गदर्शन किया। अधिकारियों ने अपने संबोधन में मकर संक्रांति के वैज्ञानिक और आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला और छात्रों को जीवन में हमेशा ऊंचाइयों की ओर अग्रसर रहने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त शिक्षकगण, गैर-शिक्षण स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। तिल-गुड़ के वितरण और पारंपरिक बधाई संदेशों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।


