भाई ने ही ले ली भाई की जान, सड़क हादसे की कहानी से खुली हत्या की परतें
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला सच, पुलिस की सख्त जांच में हत्या का मामला उजागर
मुख्य आरोपी भाई और सहयोगी जीजा गिरफ्तार, न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई जारी
देवास। थाना सिविल लाइन पुलिस ने सगे भाई की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी सहित उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जानकारी में घटना को सड़क दुर्घटना बताकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया गया था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की त्वरित विवेचना से हत्या का राज सामने आ गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 10 फरवरी 2026 की देर रात अमलतास अस्पताल देवास से थाना सिविल लाइन को सूचना मिली कि रवि पिता राजाराम चौहान उम्र लगभग 30 वर्ष निवासी ग्राम सिंगावदा पावर हाउस को उसका भाई लखन पिता राजाराम चौहान और जीजा राहुल पिता मदनलाल राजोरिया सड़क दुर्घटना में घायल होने की बात कहकर अस्पताल लेकर आए हैं। उपचार के दौरान रवि चौहान की मृत्यु हो गई। इस सूचना पर थाना सिविल लाइन में मार्ग क्रमांक 07/2026 धारा 194 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई और शव का पोस्टमार्टम एमजी अस्पताल देवास में कराया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने पर प्रथम दृष्टया यह सामने आया कि मृत्यु सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किए जाने के कारण हुई है, जिससे मामला हत्या का प्रतीत हुआ। इसके बाद मृतक के परिजनों से विस्तृत पूछताछ की गई, जिसमें पता चला कि घटना वाली रात रवि चौहान और उसके भाई लखन चौहान के बीच आपसी विवाद हुआ था। विवाद के दौरान लखन चौहान ने घर में रखी लोहे की भारी वस्तु मोगरी से रवि चौहान के सिर पर दो से तीन वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
हत्या के बाद आरोपी लखन चौहान ने अपने जीजा राहुल राजोरिया को घटना की जानकारी दी। दोनों ने मिलकर शव को अमलतास अस्पताल ले जाकर घटना को सड़क दुर्घटना बताकर पुलिस को गलत सूचना दी और हत्या को दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि राहुल राजोरिया को घटना की वास्तविक जानकारी थी, इसके बावजूद उसने अस्पताल में गलत सूचना देकर आरोपी का साथ दिया।
तथ्यों के आधार पर थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 75/2026 धारा 103 (1) एवं 238 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपी लखन चौहान और राहुल राजोरिया को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है और आगे की वैधानिक कार्यवाही जारी है।


