अवैध शराब और जुआ के आदतन आरोपी फैला रहा था बच्चा चोरी की झूठी अफवाह
औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने की कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार
देवास। जिले में सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से अफवाह फैलाकर शांति भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद के निर्देश पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में दिनांक 15 फरवरी 2026 को थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस को सूचना मिली कि प्रहलाद नगर बावड़िया निवासी अर्जुन पिता रमेश मालवीय उम्र 35 वर्ष क्षेत्र में बच्चा चोरी होने और बच्चा चोरी गैंग के सक्रिय होने की लगातार झूठी अफवाह फैला रहा है। आरोपी न केवल भ्रामक जानकारी फैला रहा था बल्कि राहगीरों को बच्चा चोर होने के संदेह में रोककर उन्हें परेशान भी कर रहा था, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बन रहा था और कानून व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका पैदा हो गई थी।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीरसिंह भदौरिया और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के मार्गदर्शन में थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम द्वारा तत्काल जांच की गई और सूचना सही पाए जाने पर आरोपी अर्जुन पिता रमेश मालवीय उम्र 35 वर्ष निवासी प्रहलादनगर बावड़िया देवास को अभिरक्षा में लिया गया। आरोपी के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता बीएनएसएस की धारा 170 के तहत इस्तगासा क्रमांक 54/2026 तैयार कर उसे गिरफ्तार किया गया तथा बाद में एसडीएम न्यायालय के समक्ष पेश कर वैधानिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र देवास निरीक्षक शशिकान्त चौरसिया, प्रआर विष्णु दांगी, आर लक्ष्मीकांत शर्मा, अर्पित जायसवाल और अजय जाट की सराहनीय भूमिका रही।
देवास पुलिस ने आमजन से की अपील
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि बच्चा चोरी या अन्य किसी भी विषय से संबंधित भ्रामक संदेशों और अफवाहों पर ध्यान न दें। बिना आधिकारिक पुष्टि के ऐसी सूचनाएं साझा करना दंडनीय अपराध है। यदि किसी व्यक्ति पर संदेह हो तो कानून को अपने हाथ में लेने के बजाय तुरंत नजदीकी पुलिस थाने को सूचित करें या डायल 112 पर कॉल करें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।


