संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़
देवास। कॉलोनी बाग के रहवासी एवं मित्र मंडल के तत्वावधान में सी सेक्टर स्थित दुर्गा माता मंदिर के पीछे 15 मई शुक्रवार से सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा का आयोजन जगदीश पवार एवं संजय शर्मा के मार्गदर्शन में संपन्न हो रहा है। प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित हो रही कथा में लगभग 300 से 400 श्रद्धालु उपस्थित होकर धर्म लाभ ले रहे हैं। कथा वाचन उज्जैन के प्रसिद्ध कथावाचक महंत बजरंगी दास वैष्णव द्वारा किया जा रहा है, जिनके मुखारविंद से श्रद्धालु भक्ति रस का आनंद ले रहे हैं। कथा के अंतर्गत बुधवार को रुक्मणी विवाह प्रसंग का आयोजन किया गया। इस अवसर पर छोटे बच्चों द्वारा भगवान श्रीकृष्ण एवं रुक्मणी विवाह की सुंदर झांकियों का आकर्षक प्रस्तुतीकरण किया गया, जिसकी श्रद्धालुओं ने भूरी-भूरी प्रशंसा की। महंत बजरंगी जानेजी वैष्णव उज्जैन वालो ने कथा के दौरान गौहत्या जैसे सामाजिक एवं धार्मिक विषयों पर भी अपने विचार व्यक्त करते हुए समाज को धर्म एवं संस्कृति के संरक्षण का संदेश दिया। आयोजन की विशेष बात यह रही कि जिस स्थान पर कथा आयोजित की जा रही है, वहां पूर्व में गंदगी का ढेर लगा हुआ था। आयोजन समिति द्वारा स्वच्छ भारत अभियान के तहत पहले पूरे परिसर की साफ- सफाई कराई गई, तत्पश्चात कथा का आयोजन प्रारंभ किया गया। संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा में क्षेत्र के श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचकर भक्ति का आनंद ले रहे हैं। कथा का समापन 21 मई 2026 को होगा। आयोजन समिति ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से कथा में सम्मिलित होकर धर्म लाभ लेने की अपील की है।



