24 घंटे में खुला 76 वर्षीय वृद्ध से चेन लूट का मामला, दोनों आरोपी गिरफ्तार
100 प्रतिशत लूटी गई सोने की चेन बरामद, ऑपरेशन त्रिनेत्रम के सीसीटीवी नेटवर्क से मिली बड़ी सफलता
देवास। शहर में 76 वर्षीय वृद्ध के साथ दिनदहाड़े हुई चेन लूट की वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 1.50 लाख रुपए कीमत की सोने की चेन बरामद कर ली है। मामले के खुलासे में जनसहयोग से स्थापित ऑपरेशन त्रिनेत्रम के सीसीटीवी कैमरों की अहम भूमिका रही। पुलिस के अनुसार आदर्श नगर सेक्टर-बी निवासी 76 वर्षीय बंशीधर बरोनिया ने 24 जून को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि दोपहर में उनके परिचित प्रेम पंचोली ने घर के मुख्य गेट पर ताला नहीं लगाने की बात कही थी। शाम करीब 4.30 बजे जब वे बाथरूम से बाहर निकले तो एक युवक घर में घुस आया और उनके गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गया। मामले में थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 433/2026 के तहत धारा 332 (सी) एवं 309 (4) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) हरनारायण बाथम के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के निर्देशन में थाना प्रभारी श्यामचन्द्र शर्मा के नेतृत्व में दो विशेष टीमें गठित की गईं। जांच के दौरान तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के साथ मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया। वहीं ऑपरेशन त्रिनेत्रम के तहत लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने पर आरोपियों की गतिविधियां सामने आईं। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने वारदात करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों जयराज पिता आनंद कुमरे (30) एवं धनराज पिता आनंद कुमरे (50) निवासी गजरा गियर्स झुग्गी-झोपड़ी, देवास को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गई सोने की चेन बरामद कर ली। पुलिस के अनुसार जिले में अब तक जनसहयोग से 5 करोड़ रुपए से अधिक लागत के 10 हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जा चुके हैं, जिससे अपराधों की रोकथाम एवं आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी में लगातार सफलता मिल रही है। कार्रवाई में थाना प्रभारी श्यामचन्द्र शर्मा, उपनिरीक्षक जीवन भिड़ोरे, प्रधान आरक्षक सुनील देथलिया, मनोज पटेल, आरक्षक वैभव मंडलोई, सुजीत, नवीन पटेल तथा साइबर सेल प्रभारी प्रधान आरक्षक शिवप्रताप सिंह सेंगर एवं प्रधान आरक्षक सचिन चौहान की विशेष भूमिका रही।


