27 नवंबर से पुलिस ग्राउंड में सजेगा मेला

27 नवंबर से पुलिस ग्राउंड में सजेगा मेला

संत-महात्माओं एवं गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में स्वदेशी मेले का भूमिपूजन संपन्न

देवास। स्वदेशी जागरण मंच द्वारा शहर में आगामी 27 नवंबर से 7 दिसंबर तक पुलिस ग्राउंड पर आयोजित होने जा रहे भव्य स्वदेशी मेला 2026 का भूमिपूजन समारोह शनिवार को विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। समारोह में संत-महात्माओं, सामाजिक एवं संगठनात्मक पदाधिकारियों सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में संत स्वामी सुरेशानंद तीर्थ एवं बागर के अवधूत चिंतन गुरुदेव दत्त का विशेष सान्निध्य प्राप्त हुआ। इसके साथ ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक एवं स्वदेशी जागरण मंच के द्वि-क्षेत्रीय संगठन मंत्री केशव दुबौलिया, महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल, भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष रायसिंह सेंधव, स्वदेशी मेला पालक समीर मूंदड़ा, मालवा प्रांत संयोजक प्रो. डॉ. विशाल पुरोहित एवं उज्जैन संभाग पूर्णकालिक हेमंत रावत प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। साथ ही मेला समिति के सभी सदस्य एवं मातृ शक्तियों भी समारोह में शामिल रही।
संत-महात्माओं एवं अतिथियों की उपस्थिति में विधि-विधान से भूमिपूजन किया गया। इस अवसर पर स्वदेशी उत्पादों के उपयोग, स्थानीय उद्यमियों को प्रोत्साहन देने तथा आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के महत्व पर चर्चा की गई।
आयोजन का उद्देश्य स्वदेशी उत्पादों को एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना, स्थानीय व्यापारियों, लघु एवं कुटीर उद्योगों तथा महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करना और आमजन को स्वदेशी अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
आयोजन समिति के अनुसार 27 नवंबर से 7 दिसंबर तक पुलिस ग्राउंड, देवास में स्वदेशी मेले का आयोजन होगा। मेले में विभिन्न स्वदेशी उत्पादों के स्टॉल, उद्यमिता से जुड़े आकर्षण एवं विविध गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
उक्त जानकारी मेला संयोजक विजेंद्र उपाध्याय ने दी।

Post Author: Vijendra Upadhyay