———-––
देवास जिले में जिला एवं मतदान केन्द्र स्तर मनाया गया ‘’राष्ट्रीय मतदाता दिवस’’
————–
मतदाताओं को निर्वाचन में मतदान करने की दिलाई शपथ
————-
देवास, 25 जनवरी 2021/ भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाताओं को जागरूक करने एवं प्रजातंत्र में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिला एवं मतदान केन्द्र स्तर पर राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन किया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम मल्हार स्मृति मंदिर देवास में हुआ। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों को मतदाता की शपथ दिलवाई। इसके पश्चात राज्य निर्वाचन आयोग से प्राप्त संदेश एवं निर्वाचन के प्रतिवेदन का वाचन किया। कार्यक्रम में नवीन मतदाताओं को निर्वाचन पहचान पत्र वितरित किए। इस दौरान निर्वाचन कार्य में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किए गए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओं श्रीमती शीतला पटले, अपर कलेक्टर प्रकाश सिंह चौहान, अपर कलेक्टर महेन्द्र सिंह कवचे, संयुक्त कलेक्टर सोभाराम सोलंकी, डिप्टी कलेक्टर त्रिलोचन गौड़, डॉ. समीरा नईम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला पंचायत श्रीमती शीतला पटले ने कहा कि जिले में गतवर्ष 22 हजार 599 नये मतदाता शामिल हुए है। हाटपिपल्या उप निर्वाचन में कोविड-19 के बावजूद मतदाताओं ने बढ़चढ़ कर भाग लिया। उन्होंने कहा कि भारतीय लोकतंत्र में 25 जनवरी का दिन बहुत महत्वपूर्ण है। आज ही के दिन 1950 में भारत निर्वाचन आयोग की स्थापना हुई थी। मतदाताओं को प्रत्येक निर्वाचन में अपने मताधिकार का प्रयोग अनिवार्य रूप से करना चाहिए। साथ ही अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें।

मताधिकार का प्रयोग करने की शपथ ली
कार्यक्रम में सभी ने देश की लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा को बनाए रखने तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण रखते हुए, निर्भीक होकर, धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करने की शपथ ली।
नए मतदाताओं को ईपिक कार्ड वितरण किया गया जिला स्तरीय कार्यक्रम में अतिक मंसुरी, अक्षत व्यास, मंशा जोशी, प्रगति खण्डेलवाल, मिंजना शेख, अर्पण, हिमांशु राठोर, अक्षत जेन, पूजा यादव, मानसी यादव, हर्षित व्यास, शनिफ शेख, जिला सोंलकी, भावना गौड़, माधवी शर्मा, ओम प्रकाश शर्मा को ईपिक कार्ड वितरित किये। जिला स्तरीय कार्यक्रम में ई-ईपिक के संबंध में मतदाताओं को जानकारी प्रदान की। वोटर हेल्प लाईन, वोटरटर्न आउट एप, सीविजिल एप की जानकारी दी।

