देवास में बढ़ता गोलीकांड, ग्राम नागौरा में 18 वर्षीय युवक की मौत

-थाने के घेराव के बाद एक नामजद सहित तीन आरोपियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज

देवास। बीती रात औद्योगिक क्षेत्र थानांतर्गत ग्राम नागौरा में एक मैरिज गार्डन के समीप हुए गोलीकांड में 18 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। देर रात को इस बात की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जिला अस्पताल लाया गया, जहां उसकी शिनाख्ती अतुल पिता राकेश वर्मा 18 वर्ष निवासी पीरकराडिय़ा जिला इंदौर के रूप में की गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया, किंतु तब तक पुलिस ने किसी भी आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज नहीं किया था और ना ही किसी आरोपी का नाम सामने आया था। लिहाजा मृतक के परिजनों ने अंतिम संस्कार के बाद दोपहर में थाने का घेराव किया और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की गई। इसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाई और अतुल के साथ रात को गए उसके दो दोस्त अजय व लोकेश से गहन पूछताछ करने के बाद शानू व उसके दो साथियों के खिलाफ धारा 302 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस रात तक यह बताने की स्थिति में नहीं थी कि आखिरकार अतुल की हत्या किन कारणों से हुई है।

इस संबंध में सीएसपी विवेक सिंह ने बताया कि मृतक के साथ रहने वाले दोनों लड़कों के बयान तथा जांच उपरांत पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। हालांकि अभी तक तीनों आरोपियों की शिनाख्ती नहीं हुई है। पुलिस उनका पता लगाने में जुटी हुई है। जहां तक गोली लगने की बात है तो पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही इस बात का खुलासा होगा कि अतुल की मौत गोली लगने से हुई है या अन्य कारणों से। फिलहाल शार्ट पीएम रिपोर्ट के आधार पर हमने मुकदमा दर्ज कर लिया है, आगे की कार्यवाही जारी है।

Post Author: Vijendra Upadhyay