जिले से 06 हजार जनजाति नागरिक सम्मेलन में होंगे शामिल
बड़वानी से आये जनजातीय नागरिकों का कलेक्टर शुक्ला ने गले लगा कर किया स्वागत
देवास 14 नवंबर 2021/ जनजातीय महा-सम्मेलन को लेकर देवास जिले में भी अपार उत्साह है। जिले से 06 हजार जनजातीय नागरिक महा-सम्मेलन में शामिल होंगे। इन्हें 210 बसों से 15 नवम्बर की सुबह रवाना किया जायेगा। कलेक्टर चंद्रमौली शुक्ला ने लगातार समन्वय और मॉनिटरिंग के लिये वरिष्ठ अधिकारियों को जिम्मेदारी सौपी है।
बड़वानी से आये जनजातीय नागरिको का मेहमानों की तरह स्वागत सत्कार
बड़वानी जिले से लगभग 8 हजार जनजातीय नागरिक जो सम्मेलन में शामिल होने के लिये भोपाल जा रहे है, उनके रूकने की व्यवस्था देवास में की गई। देवास पहुंचते ही जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, समाजसेवी संस्थाओ द्वारा उनका स्वागत-सत्कार मेहमानों की तरह किया गया। बड़वानी से आये जनजातीय नागरिकों का कलेक्टर शुक्ला ने गले लगा कर स्वागत किया। उनके रुकने की व्यवस्था, भोजन की व्यवस्था अच्छे से की गई। बड़वानी जिले से आये जनजातीय नागरिकों को कम्बल भी दिए गए।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने लिया व्यवस्थाओ का जायजा
देवास विधायक श्रीमती गायत्री राजे पवार, कलेक्टर श्री चंद्रमौली शुक्ला, एसपी डॉ शिव दयाल सिंह सहित अन्य अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों, ने बड़वानी से आये जनजातीय नागरिकों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।


