भाजपा में बढ़ता विवाद, आपसी गुटबाजी का हो रहे है शिकार

-ग्रामीण जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा का भाजपा जिलाध्यक्ष पर लगाया आरोप

देवास टाइम्स। कहने को भाजपा देश की सबसे बड़ी पार्टी है, वहीं भाजपा को संगठन की विचारधारा पर चलने वाली पार्टी और संस्कारवान भी कहा जाता है। लेकिन भाजपा में क्षेत्रीय स्तर पर कार्य करने वाले नेता, कार्यकर्ता अपने स्वार्थ की सिद्धि के लिए भाजपा के संगठन की विचारधारा और संस्कार को दरकिनार कर देते हैं।
देवास में भी कुछ समय यह सब देखने को मिल रहा है, भाजपा पार्टी में वर्तमान में विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। विगत दिनों युवा मोर्चा की हुई नियुक्ति पर सवाल खड़े हुए थे। जिस पर कुछ कार्यकर्ताओं ने विरोध दर्ज कराया था। वहीं बागली विधायक की नाराजगी भी कुछ कार्यकर्ताओं पदाधिकारियों ने बताई थी। जिसे लेकर उन्होंने इस्तीफे भी दिए थे। साथ ही अभी एक और नया मामला सामने आया है, जिसमें अब भाजपा जिलाध्यक्ष व जिला पंचायत अध्यक्ष आमने सामने हुए।

शुक्रवार को लोहारदा में भाजपा के पदाधिकारियों को मनाने में सफल हुए भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव खंडेलवाल पर अब भाजपा के वरिष्ठ नेता व जिला पंचायत अध्यक्ष नरेंद्रसिंह राजपूत ने ग्रामीण जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा का आरोप लगाया है। राजपूत ने कहा कि देवास जिला 90 फीसदी गांव में बसता है और भाजपा जिलाध्यक्ष सिर्फ शहर की राजनीति कर रहे है। यहां तक कि वे जिला पंचायत अध्यक्ष को भी तवज्जो नहीं दे रहे है। वे सिर्फ सांसद, विधायक को ही जनप्रतिनिधि मानते है, जिला पंचायत अध्यक्ष उनकी नजर में जनप्रतिनिधि नहीं है, बल्कि जिला पंचायत अध्यक्ष संपूर्ण ग्रामीण क्षेत्र से चुनकर आता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि जिलाध्यक्ष खंडेलवाल जिले के नहीं बल्कि शहर के नेता ही बनकर रह गए है और वे अब सिर्फ फोटो की राजनीति कर रहे है। दरअसल राजपूत ने यह आरोप भाजपा जिलाध्यक्ष द्वारा शहर में लगाए गए उन होर्डिंग्स पर लगे फोटो को लेकर सवाल उठाए है। नवरात्रि के पावन पर्व पर दर्शनार्थियों के स्वागत, अभिनंदन हेतु भाजपा जिला देवास ने प्रमुख चौराहों पर बड़े-बड़े होर्डिंग्स लगाए है, जिनमें जिलाध्यक्ष के फोटो के साथ सांसद, सभी विधायक, प्रभारी मंत्री और सभी मोर्चा-प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष के फोटो है, किंतु इन होर्डिंग्स में निर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष का फोटो कहीं दिखाई नहीं दे रहा है। इससे पहले भी मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के आगमन पर भी देवास शहर में लगाए गए होर्डिंग्स से जिला पंचायत अध्यक्ष का फोटो गायब था। अब इस मुद्दे पर भाजपा की राजनीति गरमा गई है और जिपं अध्यक्ष राजपूत ने सीधे-सीधे भाजपा जिलाध्यक्ष पर हमला बोल दिया है। अब देखना है कि आगे यह मामला कहां तक जाता है।

उधर इस मामले में भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव खंडेलवाल का कहना है कि मेरे लिए सभी जनप्रतिनिधि सम्मानीय है। जिला पंचायत अध्यक्ष का भी उतना ही सम्मान करता हूं, जितना अन्य जनप्रतिनिधियों का। जहां तक होर्डिंग्स पर फोटो लगाने की बात है तो विधायक, सांसद के अलावा मोर्चा-प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों के फोटो लगाए गए है। कई जनप्रतिनिधि जैसे पूर्व विधायक राजेंद्र वर्मा, नंदकिशोर पाटीदार, बहादुर मुकाती आदि के फोटो भी होर्डिंग में नहीं लगाए है। मेरी ऐसी कोई मंशा नहीं थी कि राजपूत का फोटो नहीं लगाया जाए। 

Post Author: Vijendra Upadhyay