सोशल मीडिया पर बना चर्चा का विषय कांग्रेस द्वारा जारी पोस्टर

– पोस्टर में भाजपा नेताओं को दूर रखने के बताए कारण

देवास। जो कांग्रेस गुटबाजी की शिकार है और देवास जिले में कई गुटों में बटी हुई है और इसी गुटबाजी के चलते कांग्रेस के एक विधायक मनोज चौधरी भाजपा में शामिल हो चुके है। बावजूद इसके बुधवार को शहर कांग्रेस अध्यक्ष मनोज राजानी ने भाजपा की गुटबाजी उजागर करते हुए एक पोस्टर सोशल मीडिया पर वायरल किया है, जो दिन भर चर्चा का विषय बन रहा। इस पोस्टर के अलग-अलग मायने निकाले जा रहे है। कुछ लोग इसे शहर कांग्रेस द्वारा देवास विधायक गायत्रीराजे पवार पर हमला बता रहे है, तो कुछ लोग भाजपाई गुटबाजी को उजागर करना बता रहे है। दरअसल राजानी ने सोशल मीडिया पर जो पोस्टर वायरल किया है, उसमें पूर्व मंत्री दीपक जोशी, हाटपीपल्या विधायक मनोज चौधरी, पवार गुट के पूर्व महापौर सुभाष शर्मा, इसी गुट के पूर्व सभापति अंसार अहमद हाथीवाले, पापुनि के पूर्व अध्यक्ष रायसिंह सेंधव, नगर निगम में नेता सत्तापक्ष रहे मनीष सेन के फोटो लगाकर आमजन को यह बताने का प्रयास किया है कि इन भाजपा नेताओं को मेंढकी रेलवे ओवर ब्रिज के लोकार्पण कार्यक्रम से दूर रखा गया। कुल मिलाकर अब भाजपा की गुटबाजी को भले ही भाजपा संगठन दबाने का प्रयास करें, किंतु यह गुटबाजी को अब कांग्रेस उजागर कर रही है। अब देखना है कि शहर कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा जारी इस पोस्टर के जवाब में भाजपा जिला संगठन व पवार गुट क्या कदम उठाता है।

Post Author: Vijendra Upadhyay