
देवास पुलिस ने 10 लाख रुपये की फिरौती के लिए अपहरण करने वाली गैंग का 5 घंटे में किया पर्दाफाश
4 वर्षीय नाबालिग बालक को सकुशल दस्तयाब किया
देवास। दीपावली महापर्व की तैयारियों के बीच 31 अक्टूबर 2024 को एक चार वर्षीय बालक के अपहरण की सूचना से हड़कंप मच गया। फरियादिया भावना बाई, निवासी ग्राम अतरालिया आष्टा, जिला सीहोर, ने नई आबादी थाना टोंकखुर्द, जिला देवास में शिकायत दर्ज कराई कि रात 9 बजे अज्ञात व्यक्ति उसके चार वर्षीय बालक को बहला-फुसलाकर ले गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी आलोक सोनी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
थाना टोंकखुर्द में अपराध क्रमांक 475/2024 के तहत धारा 137(2) BNS, 140(1), 142, 127(2), 61(2) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) जयवीर सिंह भदौरिया और अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) सोनकच्छ, दीपा मांडवे के मार्गदर्शन में चार विशेष टीमों का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्य एकत्र कर सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर जांच की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने कुमारिया बनवीर थाना पीपलरावां पहुंचकर संदिग्ध आरोपी धर्मेन्द्र सिंह राजपूत की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया। मुखबिर की सूचना पर, पुलिस टीम ने आरोपी के छिपने के संभावित स्थानों पर छापेमारी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने का प्रयास कर रहा था, जिसे गिरफ्तार कर पूछताछ की गई। धर्मेन्द्र ने 10 लाख रुपये फिरौती के लिए बालक का अपहरण करने और उसे पीपलरावां के दयाराम कंजर के घर में छिपाकर रखने की बात स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर अपहृत बालक को 2:20 बजे रात में सकुशल मुक्त कराया गया।

मुक्त कराया गया नाबालिग बालक: चार वर्षीय बालक, निवासी बारोली, इंदौर।
गिरफ्तार आरोपी:
धर्मेन्द्र सिंह राजपूत (30 वर्ष) निवासी कुमारिया बनवीर, थाना पीपलरावां
दयाराम सिसोदिया (60 वर्ष) निवासी कंजरडेरा, थाना पीपलरावां
नीलेश धनगर (29 वर्ष) निवासी कुमारिया बनवीर, थाना पीपलरावां
आपराधिक रिकॉर्ड:
नीलेश धनगर: पीपलरावां थाना क्षेत्र में कई मामलों में संलिप्त, जिसमें अपराध क्रमांक 47/2018, 174/2019, 325/2019, 252/2021, 55/2023, 343/2024 शामिल हैं।
दयाराम सिसोदिया: अपराध क्रमांक 196/2014, 24/2018, 196/2019, 235/2022 में शामिल।
सराहनीय कार्य: इस सफलता में थाना टोंकखुर्द प्रभारी आलोक सोनी, थाना पीपलरावां प्रभारी कमलसिंह गहलोत, चौकी चौबाराधीरा प्रभारी राकेश चौहान, उपनिरीक्षक चेतन यादव, गणेशलाल जटिया, प्रधान आरक्षक सौदान सिंह, राजेश लुवानिया, धर्मवीर सिंह, आरक्षक धर्मेन्द्र चावड़ा, सतीश भगत, आलोक, मनोज, अनुरूद्ध, महेन्द्र, अनिल, सैनिक रोहित और सायबर सेल के शिवप्रताप सिंह व सचिन चौहान की विशेष भूमिका रही। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक उज्जैन जोन उमेश जोगा ने पुलिस अधीक्षक को शुभकामनाएं दीं और टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की।

