इंदौर में विज्ञान की खोज

इंदौर में विज्ञान की खोज

देवास। नेशनल साइंस डे सेलिब्रेशन 2025 के अवसर पर फेथ फाउंडेशन ग्लोबल स्कूल के कक्षा 9वीं और 11वीं के विद्यार्थियों को राजा रमन्ना सेंटर फॉर एडवांस्ड टेक्नोलॉजी (RRCAT), इंदौर का शैक्षणिक दौरा करने का सुनहरा अवसर प्राप्त हुआ। यह प्रतिष्ठित संस्थान परमाणु ऊर्जा विभाग के अंतर्गत कार्यरत है।

नेशनल साइंस डे 2025 का विषय:

“विकसित भारत के लिए विज्ञान और नवाचार में वैश्विक नेतृत्व के लिए भारतीय युवाओं को सशक्त बनाना’ था.”

यह दिवस भारत में प्रतिवर्ष 28 फरवरी को महान वैज्ञानिक सर सी.वी. रमन द्वारा 1928 में की गई रमन प्रभाव की खोज के सम्मान में मनाया जाता है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और विज्ञान प्रेमियों में नवाचार और जिज्ञासा की भावना को प्रोत्साहित करना है। इस शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने आधुनिक वैज्ञानिक प्रगति और तकनीकों को करीब से समझा और अनुभव किया, जिनमें मुख्य रूप से शामिल थे।

सिंक्रोट्रॉन रेडिएशन सुविधाएं: उच्च-ऊर्जा कण त्वरकों की कार्यप्रणाली और उनके अनुप्रयोगों की जानकारी।

लेजर प्रयोगशालाएं: संचार, चिकित्सा और रक्षा क्षेत्र में लेजर तकनीक की भूमिका को समझना।

क्रायोजेनिक्स और सुपरकंडक्टिविटी: अत्यंत निम्न-तापमान भौतिकी और आधुनिक तकनीक में इसकी उपयोगिता की जानकारी।

इंटरैक्टिव साइंस डेमोंस्ट्रेशन: जटिल वैज्ञानिक सिद्धांतों को सरल प्रयोगों के माध्यम से समझने का मौका।

इस दौरे ने विद्यार्थियों में जिज्ञासा की भावना को प्रोत्साहित किया और भौतिकी, इंजीनियरिंग और नवाचार के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रेरित किया।

इस शैक्षणिक भ्रमण में विद्यार्थियों के मार्गदर्शन हेतु विद्यालय की शिक्षिका श्रीमती प्रीति तिवारी (विज्ञान विभाग) और शिक्षक श्री शुभम जैन (गणित विभाग) ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने छात्रों को विभिन्न वैज्ञानिक अवधारणाओं को समझने में सहयोग किया।

आरआरकैट, इंदौर का हार्दिक धन्यवाद, जिनकी बदौलत हमारे विद्यार्थियों को विज्ञान की दुनिया को करीब से देखने और समझने का मौका मिला। हमारा उद्देश्य है कि हम भविष्य के नवोन्मेषकों में विज्ञान और खोज की भावना को निरंतर प्रोत्साहित करते रहें।

 

Post Author: Vijendra Upadhyay