सेन्ट्रल इंडिया एकेडमी के विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन, ओवरऑल चैंपियनशिप पर कब्जा
देवास। सेन्ट्रल इंडिया एकेडमी, देवास के छात्र छात्राओं ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा मंडल से संबद्ध विद्यालयों की देवास सहोदया स्कूल्स कॉम्प्लेक्स एथलेटिक्स प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए छह स्वर्ण, आठ रजत एवं कांस्य पदक प्राप्त कर ओवरऑल चैंपियनशिप पर कब्जा किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्या एवं देवास सहोदया स्कूल्स कॉम्प्लेक्स की अध्यक्षा श्रीमती रीटा सिंह, निदेशक श्री चरनजीत सिंह अरोरा, कार्यपालन अधिकारी श्री आकाश अरोरा तथा वी एस जॉब, प्राचार्य सतपुड़ा एकेडमी एवं सचिव देवास सहोदया स्कूल्स कॉम्प्लेक्स द्वारा किया गया।
उक्त जानकारी देते हुए विद्यालय के कार्यपालन अधिकारी श्री आकाश अरोरा ने बताया कि इस प्रतियोगिता में देवास जिले के लगभग इक्कीस सीबीएसई विद्यालयों के करीब ढाई सौ खिलाड़ियों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता के बालक वर्ग की डिस्कस थ्रो स्पर्धा में विद्यालय के हर्षवर्धन नागर ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया। शॉटपुट थ्रो में रणवीर सिंह सेंधव ने स्वर्ण, जेवलिन थ्रो में अनिरुद्ध पाटीदार ने स्वर्ण तथा हाई जंप में शिवम पाटिल ने स्वर्ण पदक हासिल किया। एक सौ मीटर फर्राटा दौड़ में अथर्व चौधरी ने कांस्य पदक प्राप्त किया। चार गुणा एक सौ मीटर रिले दौड़ में अथर्व चौधरी, शौर्य गोरेडवाल, वीर प्रताप सिंह चौहान एवं दिव्यराज सिंह सेंधव की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक जीता।
इसी प्रकार बालिका वर्ग में विद्यालय की कु सुरभि तिवारी ने डिस्कस थ्रो में स्वर्ण, कु लक्षिता वर्मा ने जेवलिन थ्रो में स्वर्ण पदक प्राप्त किया। कु हिमांशी वर्मा ने लॉन्ग जंप में कांस्य तथा कु नखशिखा राजपूत ने हाई जंप में कांस्य पदक हासिल किया। 4×100 मीटर रिले दौड़ में कु नखशिखा राजपूत, कु श्रद्धा पटेल, कु नेहा वर्मा एवं कु सिद्धी पाठक की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक जीता और विद्यालय ने ओवरऑल चैंपियनशिप पर कब्जा किया।
प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती रीटा सिंह, निदेशक श्री चरनजीत सिंह अरोरा एवं कार्यपालन अधिकारी श्री आकाश अरोरा द्वारा किया गया। इसके पश्चात सभी खिलाड़ियों एवं उनके प्रशिक्षकों को इस सफलता पर बधाई प्रेषित की गई।


