देवास 23 मार्च 2020/ देश में कोरोना के कहर के चलते बाजारों मे मास्क उपलब्ध नहीं हो रहे थे, इसे देखते हुए, जिला न्यायाधीश व जिला कलेक्टर की पहल पर जिला जेल देवास में मास्क बनाने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। जेल अधीक्षक श्री रमेशचंद्र आर्य ने बताया कि अब राजौदा की जिला जेल में कैदी मास्क बनाने में व्यस्त है। इसमें साधारण मास्क के साथ-साथ एन-95 स्तर के मास्क भी बनाए जा रहे है। जेल मे मास्क बनाए जाने की जानकारी मिलने पर सेवा भारती, स्वंय सेवी संस्था भी आगे आई और उनके द्वारा 500 नग मास्क बनाने की सामग्री उपलब्ध कराई जिसे जेल द्वारा बिना किसी अतिरिक्त लागत के निःशुल्क बनाकर जेल के कैदियों के साथ-साथ संबंधित संस्था को उपलब्ध कराए है।
उन्होंने बताया कि इसके साथ ही करोना वायरस की रोकथाम हेतु बाजार में उपलब्ध विशेष प्रकार का कपडा क्रय कर उसके 01 लेयर, 02 लेयर एवं 03 लेयर के मास्क भी बनाए जा रहे है। साथ ही 02 लेयर के 200 नग मास्क जिला न्यायालय तथा 100 नग पुलिस थाना औद्योगिक क्षेत्र देवास को उपलब्ध कराये जाने के आर्डर जेल को मिला है एवं मास्क हेतु नगर पालिक निगम के द्वारा भी संपर्क किया गया है। जेल मे बनाये जाने वाले मास्क में उपयोग किया जा रहा कपडा एन – 95 मास्क मे उपयोग मे लाये जाने वाला कपडा है, जिसके लिये जेल प्रबंधन द्वारा इन मास्क की कीमत क्रमशः 06, 08 एवं 10 रूपये नियत की गई है। जेल अधीक्षक श्री रमेशचंद्र आर्य ने बताया किकि यदि किसी व्यक्ति/संस्था/ शासकीय विभाग द्वारा मांग किये जाने पर मांग अनुसार 01, 02 व 03 लेयर के मास्क तैयार कराकर उपलब्ध कराये जावेगे। इस आपदा से निपटने हेतु बंदियों द्वारा भी बढ़चढ़कर हिस्सा लिया जा रहा है ताकि निर्धारित समयावधि में मास्क तैयार कर उपलब्ध कराए जा सके।