लुटेरी दुल्हन गैंग का पर्दाफाश, 24 घंटे में 5 आरोपी गिरफ्तार

लुटेरी दुल्हन गैंग का पर्दाफाश, 24 घंटे में 5 आरोपी गिरफ्तार

शादी के नाम पर लाखों की ठगी, दुल्हन कुछ दिन बाद घर छोड़कर हो जाती थी फरार

देवास। जिले के बरोठा थाना क्षेत्र में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लुटेरी दुल्हन गिरोह का पर्दाफाश कर 24 घंटे के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि आरोपी माता-पिता अपनी बेटी की बार-बार शादी कराकर लोगों से लाखों रुपये की धोखाधड़ी करते थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार 17 अप्रैल 2026 को फरियादी राजेश पिता मोहनलाल मालवीय निवासी ग्राम रतेडी थाना बरोठा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपियों द्वारा विवाह कराने के नाम पर रुपये लिए गए और शादी के कुछ दिनों बाद दुल्हन घर छोड़कर भाग गई। इस पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 140/2026 धारा 318 (3), 61 (2), 83, 3 (5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत के मार्गदर्शन में 360 पुलिसिंग के तहत ऑपरेशन हवालात चलाकर गिरोह को पकड़ने के निर्देश दिए गए। थाना प्रभारी सविता सिंह के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें बनाकर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने 18 अप्रैल 2026 को कार्रवाई करते हुए आरोपी कैलाश राठौर उर्फ अवचाट, किरण बाई, संजय राठौर को जिला खंडवा से तथा कमलेश और पूजा अवचाट को ग्राम सदाशिवपुरा थाना बरोठा से गिरफ्तार किया। आरोपी पूजा अवचाट को इस गिरोह की मुख्य भूमिका में बताया जा रहा है, जो शादी के बाद कुछ दिन ससुराल में रहकर फरार हो जाती थी। पुलिस के अनुसार यह गिरोह सुनियोजित तरीके से शादी का सौदा कर रुपये लेता था और बाद में दुल्हन घर छोड़कर चली जाती थी। फिलहाल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सविता सिंह, उपनिरीक्षक हरीश कुमार, शारदा ठाकुर, गौरीशंकर, प्रधान आरक्षक तेजसिंह, सचिन पाल, टीना पटेल, महिला आरक्षक देव प्रभा तिवारी, आरक्षक विजेंद्र तथा साइबर सेल देवास के शिवप्रताप सिंह सेंगर और सचिन चौहान की विशेष भूमिका रही।

Post Author: Vijendra Upadhyay