15 लाख से अधिक का अवैध शराब मश्रूका जब्त

ऑपरेशन प्रहार में पुलिस की बड़ी कार्रवाई

15 लाख से अधिक का अवैध शराब मश्रूका जब्त

टोंककला में दबिश, 41 पेटी शराब और दो वाहन जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार

देवास। जिले में चल रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत टोंकखुर्द पुलिस ने अवैध शराब के परिवहन और बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 41 पेटी देशी शराब और दो चार पहिया वाहन जब्त किए हैं। इस कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत के निर्देश पर जिलेभर में संगठित अपराधों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 17.04.2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि टोंककला स्थित कलाली के पास कच्चे रास्ते पर दो वाहनों में अवैध शराब रखी हुई है। सूचना की पुष्टि के लिए थाना प्रभारी आलोक कुमार वर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
मौके पर एक सफेद इनोवा कार क्रमांक एमपी 13 बीए 4865 और एक सफेद महिन्द्रा वाहन क्रमांक एमपी 09 सीआर 0852 खड़े मिले। पुलिस ने देखा कि एक व्यक्ति महिन्द्रा वाहन से इनोवा में शराब की पेटियां रख रहा था। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया, जबकि महिन्द्रा वाहन का चालक मौके से फरार हो गया।
पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम संजय पिता कमलसिंह धाकड़ उम्र 38 वर्ष निवासी ग्राम आलरी बताया। तलाशी के दौरान इनोवा कार से 9 पेटी और महिन्द्रा वाहन से 32 पेटी देशी प्लेन शराब बरामद की गई, जो कुल 2050 क्वार्टर यानी लगभग 369 लीटर है। जब्त शराब की कीमत करीब 1 लाख 43 हजार 500 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने दोनों वाहनों को भी जब्त किया है, जिनकी कुल कीमत लगभग 14 लाख रुपये बताई गई है। इस प्रकार कुल जब्त मश्रूका की कीमत करीब 15 लाख 43 हजार 500 रुपये है। आरोपी के पास शराब संबंधी कोई वैध दस्तावेज नहीं पाए जाने पर उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 150/2026 धारा 34 (2) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है।
आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी आलोक कुमार वर्मा, उपनिरीक्षक अरुण पिपलदे, प्रधान आरक्षक अनिल वर्मा, आरक्षक विशाल हाड़ा, जितेंद्र सिंह और चालक आरक्षक दुबे कुमार देथलिया की सराहनीय भूमिका रही।

Post Author: Vijendra Upadhyay