स्वर्गीय विकास जायसवाल की जन्म जयंती पर हुए विविध सेवा कार्य
देवास। शहर के प्रतिष्ठित व्यापारी एवं समाजसेवी स्वर्गीय विकास जायसवाल की जन्म जयंती पर उनके परिजनों एवं मित्रों द्वारा विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण किया गया। शंकरगढ़ गौशाला में गौ सेवा कर गायों को हरा चारा एवं गुड़ खिलाया गया। वृद्धाश्रम एवं दृष्टिहीन कन्या विद्यालय में भोजन प्रसादी का वितरण किया गया। वहीं शासकीय विद्यालय क्रमांक-3 के विद्यार्थियों को भोजन कराया गया तथा शासकीय माध्यमिक विद्यालय, छापरी के विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री वितरित की गई।
इसके साथ ही शहर के विभिन्न मंदिरों में स्वर्गीय विकास जायसवाल की पावन स्मृति में भगवान का विशेष अभिषेक एवं पूजन-अर्चन संपन्न कराया गया।
शिक्षा के क्षेत्र में भी सहयोग करते हुए संस्था मानस के जरूरतमंद बच्चों की बेहतर शिक्षा के लिए एक कंप्यूटर सिस्टम भेंट किया गया तथा एक छात्रा की वार्षिक विद्यालय शुल्क का भुगतान किया गया।
परिजनों एवं मित्रों ने बताया कि स्वर्गीय विकास जायसवाल सदैव सेवा, सहयोग और सामाजिक सरोकारों के प्रति समर्पित रहे। उनकी जन्म जयंती पर किए गए ये सेवा कार्य उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का एक छोटा-सा प्रयास हैं। सभी ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।


