मां चामुण्डा, तुलजा भवानी को प्रशासन देगा गार्ड ऑफ ऑनर

मां चामुण्डा, तुलजा भवानी को प्रशासन देगा गार्ड ऑफ ऑनर

नवरात्रि को लेकर आयोजित बैठक में विधायक ने रखा प्रस्ताव, कलेक्टर ने दी सहमति

देवास। मां चामुण्डा एवं तुलजा भवानी के नाम से पहचाने जाने वाले देवास शहर की धार्मिक विरासत में अब एक ओर नया अध्याय जुडऩे वाला है। विसर्जन चल समारोह के दौरान टेकरी से निकलने वाली मां चामुण्डा व तुलजा भवानी की पालकी को सयाजी द्वार पर प्रशासन द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। इसकी पहल सोमवार को देवास विधायक श्रीमंत गायत्रीराजे पवार ने नगर निगम सभाकक्ष में नवरात्रि की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में की। विधायक पवार ने बैठक में कहा कि देवास की धार्मिक व सांस्कृतिक पहचान मां चामुण्डा व मां तुलजा भवानी से है, इन दो देवियों के आशीर्वाद से ही देवास लगातार विकास कर रहा है। इसी को देखते हुए देवास की आस्था के सबसे बड़े पर्व नवरात्रि के विसर्जन चल समारोह में टेकरी से निकलने वाली मां चामुण्डा व तुलजा भवानी की पालकी (सवारी) को सयाजी द्वार पर प्रशासन द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाए। विधायक की इस पहल का बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक अमले ने स्वागत किया। साथ ही कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने गार्ड ऑफ ऑनर के लिए सहमति प्रदान करते हुए आयोजन को मूर्त रूप देने की बात कही। बैठक में महापौर श्रीमती गीता अग्रवाल, सभापति रवि जैन, विधायक प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल, निगम आयुक्त दलीप कुमार, सीएसपी सुमित अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

नवरात्रि की अन्य व्यवस्थाओं पर भी हुई विस्तार से चर्चा

विधायक गायत्रीराजे पवार की अगुवाई में आयोजित बैठक में नवरात्रि के दौरान शहर में की जाने वाली व्यवस्थाओं को लेकर कई निर्णय लिए गए। टेकरी पर आने वाले श्रद्धालुओं का किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। पार्किंग के नाम पर किसी भी श्रद्धालु के साथ दुव्र्यवहार नहीं होना चाहिए। साथ ही शहर में विराजित मां दुर्गा के पंडालों के आसपास नगर निगम द्वारा प्रतिदिन सुबह-शाम विशेष साफ-सफाई की जाए। आयोजन समितियों से भी अपील की गई कि वे भी सफाई व्यवस्था में अपना सहयोग प्रदान करें। पॉलीथिक डिस्पोजल सामग्री के उपयोग से बचे व कचरा डस्टबीन में ही संग्रहित करें।

टेकरी स्थित अन्य मंदिरों पर ताला नहीं लगाया जाए

बैठक में विधायक पवार ने कहा कि नवरात्रि के दौरान टेकरी के परिक्रमा मार्ग पर स्थित हनुमानजी, कालका माता, खो-खो माता सहित अन्य मंदिरों पर ताला लगा दिया जाता है, जिससे श्रद्धालुओं में नाराजगी रहती है। प्रशासन इस बार ऐसा कोई भी निर्णय न ले, जिससे श्रद्धालु नाराज हो। जिस पर प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि इस बात का विशेष ध्यान रखा जाएगा। श्रद्धालुओं की संख्या अधिक होने की स्थिति में यह निर्णय लिया जाता है।

पोस्टर-बैनर में दोनों देवियों को सम्मान देने की अपील

बैठक में विधायक पवार ने शहर की सामाजिक, धार्मिक व राजनीतिक दलों से अपील की कि नवरात्रि के दौरान नियमों का पालन करते हुए पोस्टर-बैनर लगाए। साथ ही बैनर-पोस्टर में मां चामुण्डा व तुलजा भवानी के चित्रों को उचित सम्मान देने की बात कही। विधायक पवार ने कहा कि पोस्टर-बैनर में दोनों माताओं के फोटो सबसे बड़े होना चाहिए, उनसे छोटे ही अन्य नेताओं या संस्था प्रमुखों के फोटो होना चाहिए, क्योंकि हमारी पहचान ही इन देवियों से है, तो इस बात का हमें विशेष ध्यान रखना होगा।

Post Author: Vijendra Upadhyay