स्वदेशी मेले में साकार हो रहा है ‘स्व’ का भाव, पंच परिवर्तन, संस्कृति और स्वावलंबन का अनूठा संगम
देवास। पुलिस ग्राउंड, देवास में स्वदेशी जागरण मंच द्वारा आयोजित स्वदेशी मेला 2026 अपनी अलग पहचान बना रहा है। मेले के पहले ही दिन देवासवासियों का मिला उत्साहजनक प्रतिसाद इस आयोजन के प्रति लोगों के आकर्षण और स्वदेशी के प्रति उनके जुड़ाव को दर्शाता है।
मेले का भव्य शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। शुभारंभ समारोह में प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार, देवास-शाजापुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी, देवास विधायक श्रीमंत गायत्री राजे पंवार, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. राय सिंह सेंधव, भाजपा जिला महामंत्री राजेश यादव, भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री आशीष झाला एवं सभापति रवि जैन सहित, मेला पालक अधिकारी समीर मूंदड़ा, अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में स्वदेशी जागरण मंच के क्षेत्रीय समन्वयक अरुशेंद्र शर्मा, मालवा प्रांत संयोजक प्रो. डॉ. विशाल पुरोहित, प्रांत संपर्क प्रमुख डॉ. सुरेश चोपड़ा, प्रांत सह संयोजक दिलीप सिंह चौहान, विभाग वरिष्ठ आयाम प्रमुख देवकरण शर्मा, विभाग संपर्क प्रमुख राजवीर चौहान, विभाग पर्यावरण प्रमुख राहुल विश्वकर्मा, मनीष एवं हिमांशु सहित अन्य वैचारिक संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
राम दरबार मंदिर बना आस्था का प्रमुख केंद्र
मेले का सबसे प्रमुख आकर्षण राम दरबार का भव्य मंदिर है, जो हर आगंतुक को सनातन संस्कृति, आस्था और आध्यात्मिक भाव से जोड़ रहा है। मंदिर में पहुंचकर लोग श्रद्धा और भक्ति के साथ दर्शन कर रहे हैं।
स्वावलंबन ग्राम में दिखी गांव की जीवंत तस्वीर
स्वावलंबन ग्राम मेले का एक विशेष आकर्षण है। यहां पारंपरिक ग्रामीण परिवेश में एक गांव की सुंदर परिकल्पना को साकार किया गया है। गांव की संस्कृति, रहन-सहन और देशी अंदाज में भोजन की व्यवस्था लोगों को अपने बचपन और पुरानी यादों से जोड़ रही है। ग्रामीण जीवन की सादगी और परंपराओं का यह अनुभव आगंतुकों को विशेष रूप से आकर्षित कर रहा है।
सांस्कृतिक कार्यक्रम और देशभर के स्वदेशी उत्पाद
मेले में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम लोगों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का माध्यम बन रहे हैं। वहीं भारतवर्ष के विभिन्न राज्यों से आए उत्पाद, हस्तशिल्प और स्वदेशी सामग्री देश की विविधता, कला और स्थानीय हुनर का परिचय करा रहे हैं। यहां खरीदारी के साथ देश के अलग-अलग क्षेत्रों की संस्कृति और उत्पादों को करीब से जानने का अवसर भी मिल रहा है।
यह मेला केवल खरीदारी और मनोरंजन का केंद्र नहीं, बल्कि अपनी संस्कृति, परंपरा, स्थानीय उत्पादों और आत्मनिर्भरता के विचार को अनुभव करने का एक अनूठा अवसर है। मेले के माध्यम से स्वदेशी अपनाने, स्थानीय व्यापार एवं उद्यमिता को प्रोत्साहित करने और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम का संचालन मोनिका शर्मा एवं विजय बहादुर सिंह ठाकुर ने किया। अंत में मेला संयोजक विजेंद्र उपाध्याय ने सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया।



