देवास जिले में एक मास्क -अनेक जिंदगी अभियान का हुआ शुभारंभ
अभियान 15 अगस्त तक चलेगा
देवास 01 अगस्त 2020/जिले में शासन की मंशानुसार एवं कलेक्टर चंद्रमौली शुक्ला के निर्देशानुसार जिले में नागरिकों को मास्क की अनिवार्यता के प्रति जागरूक करने और जनसहयोग से जरूरतमंदों को उनकी संक्रमण से सुरक्षा के लिए मास्क उपलब्ध कराने के लिये “एक मास्क-अनेक जिंदगी अभियान” आज से प्रारंभ किया गया है। अभियान के तहत आज जिले की नगरीय निकायों में अभियान के तहत लोगों को जागरूक किया गया तथा उन्हें मास्क लगाने के लिये प्रेरित किया गया तथा जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क मास्क उपलब्ध करवाकर लगाने की समझाईश दी गई। अभियान के तहत समाजसेवी संगठनों एवं लोगों से जरूरतमंद लोगों के लिये मास्क दान करने की अपील भी की गई।
कलेक्टर शुक्ला ने की अपील
इस दौरान कलेक्टर चंद्रमौली शुक्ला ने जिले के लोगों से अपील की है कि नागरिकों द्वारा मास्क लगाने और सोशल डिस्टेंसिंग का अनुशासित पालन नागरिकों को कोविड 19 के संक्रमण से बचाने में एक सक्षम और आसान उपाय है। इसलिये सभी लोग अनिवार्यतः मास्क लगायें तथा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। उन्होंने कहा कि मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करके हम अपनी और अपनों की जिंदगी बचा सकते हैं।
“एक मास्क-अनेक जिंदगी अभियान”
द्वारा कोविड 19 के प्रसार को रोकने और नागरिकों को इससे बचाने के लिए प्रदेश में सघन प्रयास किए जा रहे हैं, जिसमें आवश्यकतानुसार लॉकडाउन, कंटेनमेंट एरिया बनाने और नागरिकों को सहयोग के लिए आगे आने के लिए किए जा रहे प्रयास प्रमुख हैं। लेकिन नागरिकों की जागरूकता और अनुशासन के बिना इस अभियान की शत प्रतिशत सफलता मुश्किल है। नागरिकों द्वारा मास्क लगाने और सोशल डिस्टेंसिंग का अनुशासित पालन नागरिकों को कोविड 19 के संक्रमण से बचाने में एक सक्षम और आसान उपाय है। इस हेतु प्रदेश के शहरों में इसके पालन के लिए प्रत्येक स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। लेकिन फिर भी देखा जा रहा है कि शहरों में कहीं-कहीं नागरिकों में जागरूकता का अभाव होने के कारण मास्क लगाने के निर्देशों का पालन नहीं हो रहा है। इसके अलावा मास्क की हर व्यक्ति तक पहुंच व उपलब्धता भी एक चुनौती है। इसी उद्देश्य से प्रदेश के सभी निकायों में एक व्यापक अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का नाम एक मास्क-अनेक जिंदगी है। क्योंकि मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग का प्रयोग करके हम अपनी और अपनों की जिंदगी बचा सकते हैं। इस अभियान का उददेश्य शहरों में नागरिकों को मास्क की अनिवार्यता के प्रति जागरूक करना और जनसहयोग से जरूरतमंदों को संक्रमण से सुरक्षा के लिए मास्क उपलब्ध कराना है। यह अभियान 15 अगस्त तक चलेगा।

