केन्द्र सरकार के 9 साल सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के


– 30 मई प्रारंभ हुआ भाजपा का विशेष जनसंपर्क अभियान 30 जून तक चलेगा
देवास। प्रदेश भाजपा नेतृत्व के निर्देशानुसार भाजपा द्वारा पूरे जिले में मंगलवार से प्रारंभ हुआ विशेष जनसंपर्क अभियान 30 जून तक चलाया जाएगा। इस हेतु बैठक का आयोजन मंगलवार को भाजपा जिला कार्यालय पर किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राजीव खंडेलवाल ने बताया कि मोदी सरकार की योजनाएं हर वर्ग के लिए हैं। समाज का ऐसा कोई वर्ग अछूता नहीं है, जो गरीब कल्याण की योजनाओं से लाभांवित न हुआ हो। लोकसभा संयोजक अरुण भीमावत ने कहा कि पिछले 9 वर्षों में ढांचागत विकास में जो परिवर्तन आया है, वह सर्वविदित है। 2014 से पहले देश में आतंकवाद की घटना आम बात थी। 2014 के बाद देश की आंतरिक सुरक्षा मजबूत हुई है और देश की सीमाएं भी सुरक्षित हुई हैं। वहीं सांसद महेन्द्रसिंह सोलंकी ने कहा कि मोदी सरकार में देश आर्थिक उन्नति की ओर अग्रसर हुआ है। आज भारत दुनिया की पांचवी अर्थव्यवस्था बन चुका है। आने वाले वर्षों में भारत तीसरे स्थान पर पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि पिछले 9 वर्ष देश में क्रांतिकारी व अभूतपूर्व निर्णयों के लिए जाने जाते हैं।
कार्यक्रम को विधायक मनोज चौधरी ने भी संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी द्वारा दिए गए संगठनात्मक कार्य को पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता प्राथमिकता के साथ पूर्ण करें। आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ता अपने-अपने बूथ को जिताने के लिए जुट जाएं। जिला मीडिया प्रभारी धर्मेन्द्र चौधरी व सह मीडिया प्रभारी कमल अहिरवार ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत पूरे जिले में व्यापक जनसंपर्क, लाभार्थी जनसंपर्क, समाज के विभिन्न वर्गों से संपर्क, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से संपर्क एवं बूथ स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनके माध्यम से मोदी सरकार की नीतियों व उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया जाएगा। बैठक में में प्रमुख रूप से देवास विकास प्राधिकरण अध्यक्ष राजेश यादव, महामंत्री पोपेन्द्र सिंह बग्गा, मनीष सोलंकी, दुर्गेश अग्रवाल, इंदर सिंह ठाकुर, ओम जोशी, मनोहर सिंह बैरागढ़, अर्जुन पटेल एवं मोर्चा के जिलाध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष व जिले के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Post Author: Vijendra Upadhyay