सतपुड़ा एकेडमी में भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की धूम

– श्रीकृष्ण की लीलाओं का किया मंचन, मटकी फोड़ी, बहनों ने भैयाओं को बांधे रक्षा सूत्र

देवास। तुलजा विहार कॉलोनी स्थित सतपुड़ा एकेडमी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी बड़े हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मनाई गई। नंद के आनंद भयो… जय यशोदा लाल की, हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैयालाल की.., छोटी-छोटी गैया छोटे-छोटे ग्वाल…, गोविंद बोलो हरि गोपाल बोलो…, अरे द्वारपालों कन्हैया से कह दो… आदि कृष्ण भक्ति गीतों पर बच्चों ने राधाकृष्ण का रूप धारण कर मनमोहक प्रस्तुतियां दी। छोटे-छोटे बच्चे राधाकृष्ण, सुदामा के रूप में सज-सजकर आए थे, जो आकर्षण का केंद्र थे। राधाकृष्ण, सुदामा एवं मित्रमंडली ने भगवान श्रीकृष्ण के भजनों पर बहुत ही मनमोहक व सुंदर प्रस्तुतियां दी। जब सुदामा जी अपने बाल सखा मित्र भगवान श्रीकृष्ण जी से मिलने के लिए द्वारका गए तो भगवान श्रीकृष्ण ने उनका स्वागत किया तथा राधाकृष्ण जी ने उनके चरण धोए। यह दृश्य देखकर उपस्थित बच्चे, अभिवावक एवं शिक्षकगण भावविभोर हो गए। इसी के साथ भगवान श्रीकृष्ण के जन्म से लेकर महाभारत तक की विभिन्न लीलाओं का अद्भुत मंचन किया गया। इनमें देवकी विवाह, गोवर्धन पर्वत प्रसंग, कालिया नाग मर्दन, राधाकृष्ण के फूलों की होली, कृष्ण सुदामा मिलन आदि शामिल हैं। वहीं स्कूल परिसर में भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकियां बनाई गई थी, जो आकर्षण का केंद्र रहीं। भगवान श्रीकृष्ण की जय-जयकार से संपूर्ण वातावरण श्रीकृष्णमय हो गया। सुंदर पालने में भगवान श्रीकृष्ण विराजमान थे, जिन्हें सभी ने झूला झुलाया तथा बधाईयां गाई। बच्चों ने टोली बनाकर मटकी फोड़ी तो उपस्थित बच्चों ने जोरदार पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। मुख्य अतिथि हाटपीपल्या विधायक मनोज चौधरी एवं विशेष अतिथि के रूप में उपिस्थत देविप्रा अध्यक्ष राजेश यादव का बहनों ने मंगल तिलक किया। वहीं संस्था संचालक भानूप्रतापसिंह सेंधव, प्राचार्य अमित तिवारी ने पुष्पमाला, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। अंत में विद्यार्थियों और स्कूल स्टाफ ने भगवान श्रीकृष्ण की महाआरती की। तत्पश्चात बहनों ने भैयाओं को मंगल तिलक कर उनकी कलाईयों पर रक्षा सूत्र (राखी) बांधे। अंत में प्रसाद का वितरण किया गया। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन श्रीमती आरती उपाध्याय एवं श्रीमती प्राची वडनेरकर ने किया। आभार उप प्राचार्य श्रीमती रश्मि श्रीवास्तव ने माना। उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी दिनेश सांखला ने दी।

Post Author: Vijendra Upadhyay