संस्था देववासिनी की महाआरती में टेकरी पर उमडा जन सैलाब


– कार सेवको के साथ सैकड़ों भक्तगण बने अदभुत आयोजन के साक्षी
– गंगा आरती की तर्ज पर की गई दिव्य निरंजनी आरती रही आकर्षण का केन्द्र
देवास। संस्था देव वासिनी ने माँ चामुण्डा टेकरी पर आमजन को जोडने के उद्देश्य से सप्ताह में दो दिन महाआरती का आयोजन करने की शुरूआत की है। जिसका भव्य शुभारंभ बुधवार को शौर्य दिवस के पावन अवसर पर हुआ। सैकड़ों भक्त इस दिव्य आयोजन के साक्षी बने। संस्था के सचिव महेश चौहान (भगवा राज) ने बताया की महाआरती श्रृंखला की शुरुआत वार्ड क्रमांक 32 से हुई। वार्ड के स्थानीय रहवासीयो के साथ सेकडो नगर वासीयो तथा 1992 में अयोध्या गये देवास के कर सेवको ने माता टेकरी पर माता जी की महाआरती उतारी और महाप्रसादी का लाभ लिया। शाम 5 बजे सैकड़ों की संख्या में माता के भक्ता शंख द्वार पर एकत्रित हो नाचते गाते भजन कीर्तन करते हुए रपट मार्ग से माता टेकरी पर पहुंचे। सर्वप्रथम पहली आरती छोटी माता मां चामुंडा देवी के मंदिर पर संपन्न हुई। जहां सैकड़ो भक्तों ने अपने हाथों से मां चामुंडा की आरती करने का सौभाग्य प्राप्त किया। इस दौरान संस्था द्वारा श्रेष्ठ ब्राह्मण़ो द्वारा निरंजनी आरती संपन्न करवाई गई। जिसे देखने के लिए भक्तों की भारी भीड़ वहां उमड पडी। कई श्रद्धालुओं द्वारा निरंजनी आरती को देख गंगा आरती सी अनुभूति होना बताया गया।
उसके बाद बड़ी माता मां तुलजा भवानी के मंदिर में आरती की गई। निरंजनी दीपो द्वारा भव्य रूप से महाआरती के आयोजन में हजारों भक्त साक्षी बने। महाआरती पारंपरिक वाद्य यंत्र, ढोल, नगाडे, मंजीरे झांझ के साथ संगीतमय तरीके से की गई। संस्था देववासिनी द्वारा मां चामुंडा देवी एवं मां तुलजा भवानी के मंदिरों को फूल बंगले मे सजाया गया। साथ ही प्राचीन दीप स्तंभ भी प्रज्वलित किए गए। भव्य आकर्षक आकाशीय आतिशबाजी का नजारा भी आरती के दौरान भक्तों को देखने को मिला। विद्युत सज्जा और लेजर लाइट द्वारा की सजावट भी आकर्षण का केन्द्र रही जिसका नजारा कई किलोमीटर दूर से दिखाई दिया। बुधवार को सम्पन्न हुए आयोजन में बहुत से श्रद्धालु ऐसे थे जो विगत कई वर्षो से माता टेकरी दर्शन करने नहीं जा पायें थे। वे सभी भक्त संस्था देववासिनी द्वारा आयोजित इस आयोजन में शामिल हुए। बुजुर्गों व निशक्तों के आने-जाने के लिए वाहन की व्यवस्था भी संस्था द्वारा की थी।
संस्था द्वारा शुरू किए गए इस दिव्य आयोजन की शुरूआत हो चुकी है। यह आयोजन श्रृंखलाबद्ध तरीके से निरंतर चलेगा। इस सप्ताह शनिवार को वार्ड क्रं.20 विकास नगर और रविवार को वार्ड कं 3 आवास नगर के भक्तों को माता टेकरी पर अपने हाथों से माताजी की महाआरती उतारने लाभ मिलेगा। इस अवसर पर वार्ड 32 के श्रद्धालुओं के साथ डॉ. आयुषी भय्यूजी महाराज देशमुख,भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव खंडेलवाल, पूर्व महापौर शरद पाचुनकर, कार सेवक निर्माण सोलंकी एवं देवास नगर के श्रद्धालु जन और बडी संख्या में कारसेवक भी शामिल हुए। इस अवसर पर संस्था के संरक्षक सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने सभी नगर वासियों को प्रति शनिवार रविवार को महाआरतियों में शामिल होने का निवेदन किया है।

Post Author: Vijendra Upadhyay