आदिवासी हिंदू युवती पर मुस्लिम युवक का चाकू से हमला, क्षेत्र में तनाव का माहौल

आदिवासी हिंदू युवती पर मुस्लिम युवक का चाकू से हमला, क्षेत्र में तनाव का माहौल

देवास। शहर के चामुण्डापुरी क्षेत्र में सोमवार रात एक आदिवासी हिंदू युवती पर मुस्लिम युवक द्वारा चाकू से हमला किए जाने की घटना सामने आई है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई और मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार सोमवार रात करीब 10 बजे चामुण्डापुरी में रहने वाली आदिवासी युवती अपने घर में बच्चों के साथ मौजूद थी। इसी दौरान अल्ताफ उर्फ गंगा पिता रफीक खान नामक मुस्लिम युवक दरवाजा धक्का देकर घर में घुस आया। आरोप है कि युवक ने घर में घुसते ही युवती के साथ गालीगलौज शुरू कर दी और जातिसूचक शब्दों का उपयोग किया। युवती द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे युवती के गाल पर चोट लग गई।

युवती के शोर मचाने पर आसपास रहने वाले लोग मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देख आरोपी अल्ताफ वहां से भाग निकला। घटना की सूचना मिलने पर बीएनपी थाना प्रभारी प्रीति कटारे मय पुलिस बल के मौके पर पहुंचीं और घायल युवती को अस्पताल पहुंचाकर मेडिकल करवाया गया।

फरियादी रानू भामोर निवासी चामुण्डापुरी देवास ने बीएनपी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि कुछ समय पहले उसका विवाह संतोष निवासी झुग्गी झोपड़ी गजरा गियर्स चौराहा से हुआ था। इसी दौरान उसकी पहचान अल्ताफ उर्फ गंगा से हुई थी। बाद में उसका पति मजदूरी करने बाहर चला गया और वह अपनी मां व बहनों के साथ चामुण्डापुरी में रहने लगी। शिवरात्रि के बाद उसकी मां और बहन मजदूरी के लिए सीहोर चली गईं, जिसके बाद वह अपने दोनों बच्चों के साथ घर में अकेली रह रही थी। इसी दौरान 2 मार्च की रात को आरोपी अल्ताफ जबरन घर में घुस आया और विवाद करते हुए चाकू से हमला कर दिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 331 (6), 118 (1), 296 (वी), 115 (2), 351 (3), 3 (1) (द), 3 (1) (घ), 3 (2) (वीए) के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी प्रीति कटारे ने बताया कि फरियादी की रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम रवाना कर दी गई है।

इधर घटना की जानकारी सोशल मीडिया पर फैलने के बाद हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता भी सक्रिय हो गए। देर रात अस्पताल में घायल युवती का वीडियो और फोटो वायरल होने के बाद कई कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचे और युवती से चर्चा की। इसके बाद वे युवती की मदद के लिए बीएनपी थाने भी पहुंचे और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

Post Author: Vijendra Upadhyay