सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर देवास में साइक्लोथॉन आयोजन

सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर देवास में साइक्लोथॉन आयोजन

एकता, अनुशासन और राष्ट्रभावना का दिया संदेश, पुलिस प्रशासन और जनभागीदारी से सफल आयोजन

देवास। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में देवास जिले में व्यापक स्तर पर साइक्लोथॉन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और आमजन में राष्ट्रीय एकता, अनुशासन और फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देशानुसार देशभर में दो वर्षों तक जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर 28 मार्च 2026 को प्रदेश के प्रत्येक थाना स्तर पर प्रातःकालीन साइक्लोथॉन आयोजित किए गए। देवास में यह आयोजन पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सौम्या जैन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात हरनारायण बाथम के मार्गदर्शन में जिले के सभी एसडीओपी, थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी द्वारा अपने अपने क्षेत्रों में साइक्लोथॉन आयोजित किए गए। देवास शहर में आयोजित मुख्य साइक्लोथॉन में कलेक्टर ऋतुराज सिंह, पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया और सीएसपी सुमित अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान शामिल हुए। रैली सयाजी द्वार से प्रारंभ होकर एमजी चौराहा, रामनगर चौराहा, केलादेवी चौराहा, विकास नगर चौराहा, मधु मिलन चौराहा और टाटा चौराहा होते हुए इंदिरा गांधी चौराहा से यू टर्न लेकर सिद्धिविनायक परिसर में समाप्त हुई। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में भी एसडीओपी और थाना प्रभारियों के नेतृत्व में स्थानीय नागरिकों, युवा खिलाड़ियों, नगर रक्षा समिति, ग्राम रक्षा समिति, एनसीसी, एनएसएस और स्कूल कॉलेज के विद्यार्थियों की सहभागिता से साइक्लोथॉन आयोजित कर जनजागरूकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम को सुव्यवस्थित बनाने के लिए प्रत्येक थाना क्षेत्र में समय निर्धारण, रूट चार्ट के अनुसार यातायात नियंत्रण, नो व्हीकल जोन की व्यवस्था, प्रतिभागियों की सुरक्षा हेतु पर्याप्त पुलिस बल तैनाती, पेयजल, ग्लूकोज, फर्स्ट एड और एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई। साथ ही कार्यक्रम की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई। इस अवसर पर देवास पुलिस ने फिटनेस, अनुशासन और राष्ट्र प्रथम का संदेश दिया। पुलिस प्रशासन ने बताया कि भविष्य में भी ऐसे जनसहभागिता आधारित कार्यक्रमों के माध्यम से सामाजिक समरसता और कानून व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।

Post Author: Vijendra Upadhyay