अमलतास यूनिवर्सिटी एवं आईसीएएआई के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन

अमलतास यूनिवर्सिटी एवं आईसीएएआई के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन

स्मारिका का अनावरण, जन-जागरूकता सत्र में आमजन को दी एलर्जी से बचाव की जानकारी

इंदौर/देवास। इंडियन कॉलेज ऑफ एलर्जी, एस्थमा एंड एप्लाइड इम्यूनोलॉजी (आईसीएएआई) तथा अमलतास यूनिवर्सिटी के संयुक्त तत्वावधान में 24 से 27 सितंबर तक आयोजित चार दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन आईसीएएआईकॉन 2026 का शुभारंभ किया गया।
समारोह में अमलतास ग्रुप के संस्थापक सुरेश सिंह भदौरिया ने पद्मश्री डॉ. दिगंबर बेहरा, पद्मश्री डॉ. राजेंद्र प्रसाद, आईसीएएआई अध्यक्ष डॉ. सुरेश कूलवाल और सचिव डॉ. राज कुमार का स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया। इसके बाद अतिथियों एवं चिकित्सा विशेषज्ञों ने सम्मेलन की स्मारिका का अनावरण किया।
डॉ. सुरेश कूलवाल को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड
सम्मेलन में जयपुर के डॉ. सुरेश कूलवाल को एलर्जी एवं श्वसन चिकित्सा के क्षेत्र में योगदान के लिए आईसीएएआई लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड 2026 से सम्मानित किया गया। वहीं, कार्यकारी परिषद ने छह वरिष्ठ डॉक्टरों को लाइफ फेलो के रूप में मनोनीत किया। इनमें डॉ. शुभ्रा जैन, डॉ. शेतांशु श्रीवास्तव, डॉ. बाबू लाल जैन, डॉ. सारिका गुप्ता, डॉ. मनीष राय एवं डॉ. भरत अनिल तोषनीवाल शामिल हैं।
विशेषज्ञों ने दी एलर्जी से बचाव की जानकारी
होटल मैरियट, इंदौर के जोडिएक हॉल में शाम 5:30 से 6:30 बजे तक आयोजित जन-जागरूकता सत्र में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने आमजन से सीधा संवाद किया। कार्यक्रम में प्रवेश नि:शुल्क रखा गया।
अमलतास विश्वविद्यालय के संस्थापक सुरेश सिंह भदौरिया ने कहा कि बदलते मौसम, धूल, परागकण, डस्ट माइट्स, खान-पान और दवाओं से होने वाली एलर्जी गंभीर स्वास्थ्य समस्या बन रही है। सत्र का उद्देश्य लोगों को एलर्जी के कारणों, लक्षणों, आधुनिक जांच और बचाव के उपायों की जानकारी देना है। इसमें अस्थमा, त्वचा, खाद्य पदार्थों, दवाओं और मौसमी एलर्जी पर चर्चा हुई।
ऑर्गनाइजेशन चेयरमैन डॉ. सलिल भार्गव ने बताया कि व्याख्यान के साथ सवाल-जवाब सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें नागरिकों ने विशेषज्ञ डॉक्टरों से अपनी समस्याओं और भ्रांतियों पर सवाल पूछकर सलाह प्राप्त की।
ऑर्गनाइजेशन सेक्रेटरी डॉ. अभय गुप्ता ने कहा कि आईसीएएआई के 60वें राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन अमलतास यूनिवर्सिटी के साथ इंदौर में करना गर्व का विषय है। सम्मेलन का उद्देश्य देश-विदेश के चिकित्सकों, वैज्ञानिकों और युवा शोधकर्ताओं को एलर्जी एवं अस्थमा के उपचार, नवीनतम अनुसंधान और आधुनिक जांच तकनीकों पर अनुभव साझा करने का मंच देना है।
समारोह में अमलतास यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. आर.के. सिंह, कॉलेज डीन डॉ. ए.के. पीठवा सहित देश-विदेश से आए 500 से अधिक विशेषज्ञ चिकित्सक एवं शोधार्थी उपस्थित रहे।

Post Author: Vijendra Upadhyay