टीएसीसी लिमिटेड द्वारा फावड़ा स्कूल में एक विद्यार्थी-एक वृक्ष अभियान में 156 पौधों का रोपण
पौधों की जिम्मेदारी विद्यार्थियों को सौंपकर पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ा
देवास। पर्यावरण संरक्षण को विद्यार्थियों की व्यक्तिगत जिम्मेदारी से जोड़ने की पहल के तहत टीएसीसी लिमिटेड द्वारा शासकीय हाई स्कूल, फावड़ा में एक विद्यार्थी-एक वृक्ष अभियान आयोजित किया गया। विद्यालय की टीएसीसी लिमिटेड द्वारा हाल ही में निर्मित बाउंड्रीवॉल के आसपास 156 पौधों का रोपण किया गया। प्रत्येक पौधे पर संबंधित विद्यार्थी के नाम की नेम प्लेट लगाई गई, ताकि विद्यार्थी पौधरोपण के साथ उनके संरक्षण और नियमित देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाएं।
यह पहल विद्यालय परिसर में हरियाली बढ़ाने के साथ विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति दीर्घकालीन जिम्मेदारी, प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और संरक्षण की भावना विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इन पौधों के विकसित होकर वृक्ष बनने से भविष्य में विद्यालय परिसर के हरित आवरण को बढ़ाने में योगदान मिलेगा।
कार्यक्रम में टीएसीसी लिमिटेड के वरिष्ठ अधिकारी रमेश खेतान का प्राचार्य बी.एल. मंडलोई द्वारा शॉल एवं श्रीफल भेंट कर स्वागत किया गया। डॉ. सतीश सैनी ने अभियान की संकल्पना एवं उद्देश्य बताते हुए विद्यार्थियों को वृक्षों के पर्यावरणीय महत्व और उनके संरक्षण की आवश्यकता से अवगत कराया।
प्राचार्य बी.एल. मंडलोई ने टीएसीसी लिमिटेड का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण से प्रत्यक्ष रूप से जोड़ती है और उनमें जिम्मेदारी की भावना विकसित करती है।
इस अवसर पर तीन प्रतिभावान विद्यार्थियों को रमेश खेतान द्वारा प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। महेश सोनवने ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वर्ष 1995 में उनके विद्यालय में लगाया गया एक पौधा आज विशाल वृक्ष बन चुका है, जिसे देखकर उन्हें गर्व और संतोष का अनुभव होता है।
समापन अवसर पर रमेश खेतान ने विद्यार्थियों से अपने-अपने पौधों की नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ एवं बेहतर विकसित पौधों वाले विद्यार्थियों को टीएसीसी लिमिटेड की ओर से प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने विद्यालय स्टाफ के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण एवं जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम जारी रखने की बात कही।
कार्यक्रम का संचालन महेश देवड़ा ने किया। इस अवसर पर सरपंच प्रतिनिधि धनसिंह सेंधव एवं ग्राम पंचायत मंत्री कोकसिंह ठाकुर की गरिमामय उपस्थिति रही। टीएसीसी लिमिटेड से संजय गैरोला, महेश सोनवने, अभ्युदय शर्मा, राजेश मलिक, जयवर्धन सिंह राठौड़, अमरजीत सिंह एवं अभिनव पोखरियाल सहित विद्यालय स्टाफ से लाली कुरैशी, महेश कुमार देवड़ा, रेखा दुबे, नीति श्रीवास्तव, सीमा प्रजापति, नवनीत जोशी, तरुण शर्मा एवं निकिता गवाटिया उपस्थित रहे।


