साइबर सेल ने खोजे 220 गुम मोबाइल, 40 लाख रुपए के मोबाइल आवेदकों को लौटाए

 

साइबर सेल ने खोजे 220 गुम मोबाइल, 40 लाख रुपए के मोबाइल आवेदकों को लौटाए

ऑपरेशन साइबर के तहत अब तक 1095 मोबाइल बरामद, 1.80 करोड़ रुपए कीमत के मोबाइल स्वामियों को किए वापस

देवास। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन साइबर के तहत देवास साइबर सेल ने 220 गुम मोबाइल फोन खोजकर उनके स्वामियों को वापस सौंपे। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपए है। पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक द्वारा मोबाइल स्वामियों को उनके फोन वितरित किए गए। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिले के प्रत्येक थाने में पुलिसकर्मियों को साइबर मित्र के रूप में प्रशिक्षित किया गया है। इनके माध्यम से साइबर फ्रॉड और गुम मोबाइल संबंधी मामलों में त्वरित कार्रवाई की जा रही है। साथ ही पुलिस चौपालों के जरिए लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह वर्धमान, सौम्या जैन एवं हरनारायण बाथम के मार्गदर्शन में साइबर सेल द्वारा वर्ष 2025-26 में अब तक कुल 1095 गुम मोबाइल फोन, जिनकी कीमत करीब 1.80 करोड़ रुपए है, खोजकर उनके मालिकों को लौटाए जा चुके हैं। इसके अलावा साइबर सेल की कार्रवाई से 780 पीड़ितों को करीब 3.90 करोड़ रुपए की साइबर ठगी की राशि वापस दिलाई गई तथा 260 नागरिकों को डिजिटल अरेस्ट एवं अन्य साइबर अपराधों से बचाया गया। साइबर ठगी में उपयोग किए जा रहे 2700 से अधिक फर्जी मोबाइल नंबर भी चिन्हित कर ब्लॉक कराए गए हैं। देवास पुलिस ने आमजन से अपील की है कि संदिग्ध कॉल, वीडियो कॉल, डिजिटल अरेस्ट की धमकी, फर्जी निवेश योजना, क्यूआर कोड, एपीके फाइल और अज्ञात लिंक पर बिना जांच भरोसा न करें। साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

Post Author: Vijendra Upadhyay