-मण्डी में केवल पास धारक थोक व्यापारी एवं पास धारक फुटकर सब्जी विक्रेताओं को ही प्रवेश की अनुमति
————
-किसी भी तरह की अफवाह न फैलाए, सभी नागरिक अपने-अपने घरों में रहे
———–
देवास 07 अप्रैल 2020/ अनुविभागीय अधिकारी देवास अरविन्द चौहान ने आज मंगलवार को सब्जी मंडी प्रांगण में सख्त कार्यवाही करते हुए, बिना पास के व्यक्ति जो मंडी घुस आये थे, को कडी फटकार लगाई। बिना अनुमति के प्रवेश करने पर 03 पुरूषों और 01 महिला को बी.एन.पी. थाने पर भिजवाया गया एवं धारा 188 अंतर्गत कार्यवाही के निर्देश दिये। सब्जी मण्डी में सोशल डिस्टेंसिंग की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये। गत रात्रि कलेक्टर डाॅ श्रीकान्त पाण्डेय ए.डी.एम नरेन्द्र सूर्यवंशी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगदीश डावर, एस.डी.एम अरविन्द चौहान एवं सी.एस.पी. अनिल राठौर सहित अन्य अधिकारियों ने सब्जी मण्डी का भ्रमण कर व्यवस्था का जायजा लिया। इस संबंध में निर्देश दिये कि आलू-प्याज की दुकान अनाज मण्डी क्षेत्र में तथा सब्जियों की दुकाने सब्जी मण्डी क्षेत्र में लगाई जाए। मण्डी में केवल पास धारक थोक व्यापारी एवं पास धारक फुटकर सब्जी विक्रेताओं को ही प्रवेश दिया जाए।
प्रमुख सचिव श्री एस.एन मिश्रा द्वारा पत्र जारी कर समस्त कलेक्टरों को निर्देषित किया गया कि वस्तुओं के परिवहन हेतु ट्रको का मूवमेंट लाॅकडाउन अवधि में छूट की श्रेणी में आता है। ट्रक ड्राईवरों को कंपनी द्वारा जारी परिचय पत्र दिखाने पर जाने दिया जाए। विभिन्न ई-कामर्स एवं लाॅजिस्टिक कंपनियों, को वस्तुओं की आपूर्ति निर्बाध रूप से करने में कठिनाई ना हो, इसलिए एमडी एमपीएसईडीसी को पूरे राज्य हेतु पास जारी किये जाने के लिए अधिकृत किया गया है।
पुलिस विभाग देवास द्वारा नागरिको से अपील की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जगदीश डावर ने कहा कि जो अफवाहे फैल रही है, उन पर बिल्कुल भी ध्यान न दे। पुलिस अधीक्षक कार्यालय देवास में सायबर सेल के माध्यम से समस्त मीडिया में जो मैसेज चल रहे है, उन पर नजर रखी जा रही है। इसके चलते वर्तमान में 02 मुकदमें भी कायम किये गये है, और ऐसे व्यक्ति जो मैसेजों के माध्यम से अफवाह फैला रहे है, इनके खिलाफ सख्त दण्डात्मक कार्यवाही की जा रही है इसलिए सभी नागरीको के अनुरोध है कि किसी भी तरह की अफवाह न फैलाए एवं सभी नागरिक अपन-अपने घरों में रहे। पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करें।
सभी अनुविभागीय अधिकारी एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत द्वारा लगातार प्रेरित किये जाने पर देवास जिले के अनेक ग्रामों के ग्रामवासी गांव को सुरक्षित रखने की दृष्टि से स्वंय ही टीम बनाकर गांवों के रास्तों की नाकाबंदी कर बैरियर लगा रहे है, एवं टीम बनाकर ग्रामवासी पहरेदारी भी कर रहें है। ताकि कोई बाहरी व्यक्ति गांव में अनाधिकृत रूप से प्रवेश न कर सकें।
नगर निगम देवास द्वारा 234 गरीब परिवारों को 1405 भोजन पैकेट वितरित किए गए। देवास जिले के सभी नगरीय निकायों द्वारा 1449 गरीब परिवारो को 4908 भोजन पैकेट वितरित किये गये एवं समस्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायतों द्वारा 131 गरीब परिवारों को 767 भोजन पैकेट वितरित किये गये।

