सभी अनुविभागीय अधिकारी, तहसीलदार, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस एवं मेडिकल टीम को दिए निर्देश
देवास 09 अप्रैल 2020/ कलेक्टर डाॅ श्रीकान्त पाण्डेय ने आज गुरुवार को वीडियो कान्फ्रेसिंग के माध्यम से सभी अनुविभागीय अधिकारी, तहसीलदार, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस एवं मेडिकल टीम को निर्देशित किया कि कोरोना संदिग्ध की जानकारी मिलने पर सभी सर्विलांस टीमे त्वरित कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि काॅन्टेक्ट ट्रेसिंग टीम की जिम्मेदारी है कि वे संदिग्ध के संपर्क में आए सभी व्यक्तियों की जानकारी 01 दिन में पता लगावें ताकि सभी को तुरन्त क्वारेन्टाईन किया जा सके और संक्रमण को और फैलने से रोका जा सके। क्वारेन्टाईन किये गये लोगो के चाय-नास्ता एवं खाने-पीने की व्यवस्था जिला प्रशासन के माध्यम से की जायेगी। मेडिकल टीम द्वारा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण किया जायेगा। साथ ही सभी अनुविभागीय अधिकारी को निर्देशित किया गया कि सभी अपने-अपने अनुभाग में लोगो का स्वास्थ्य सर्वे करवाकर जानकारी प्राप्त करें ताकि संदिग्धों को अतिशीघ्र चिन्हित किया जा सके।
देवास जिलें में 03 मरीज, जिसमें 02 देवास के एवं 01 मरीज तहसील हाटपिपल्या का कोरोना पॅाजिटिव पाये गये। सभी मरीजों को अमलताज हाॅस्पीटल में आईसोलेशन में रखा गया है। जिनमें से एक मरीज, हाटपीपल्या निवासी इकबाल मंसूरी की मृत्यु हो गई। इनके संपर्क में आये लगभग 65 लोगो मे से 39 को क्वारन्टाईन सेन्टर में एवं 26 को होम क्वारन्टाईन में रखा गया है जहां डाॅक्टर की टीम लगातार उनका स्वास्थ्य परीक्षण कर इलाज कर रही है। उक्त 03 मरीजों के घरों को इपिसेन्टर घोषित करते हुए घरों की 3 कि.मी. की परिधि में आने वाले क्षेत्र को कंटेनमेंट एरिया घोषित किया गया है। इस क्षेत्र में आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। कन्टेनमेंट एरिया हेतु सीएमएचओ द्वारा विशेष आरआरटी जिसमें एक फिजिशियन, एक एपीडिमीयोेलोजिस्ट, पेथालाजिस्ट, माइक्रोबायोलाॅजिस्ट, डाक्यूमेंटेशन स्टाफ रखा जायेगा तथा मेडिकल मोबाईल यूनिट, जिसके अंतर्गत एक मेडिकल अॅाफिसर, एक पैरामेडिकल स्टाफ, एक लेब टेक्निशियन तथा डाक्यूमेन्टेशन स्टाफ का गठन किया जाएगा। क्षेत्र के सभी प्रवेश व निकास स्थानों पर स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा सतत स्क्रीनिंग की जावेगी।

