– संस्था भगवा राज की अनूठी पहल -हर गांव के मंदिर में लिख रहे श्री राम जय राम जय जय राम के उद्घोष – सभी मंदिरों पर लहराई नवीन भगवा ध्वजा देवास
श्री राम जन्मभूमि पर भव्य एवं दिव्य श्री राम मंदिर निर्माण का मार्ग साफ होने के साथ ही देवास में भी मंदिरों में श्रीराम का जय घोष लिखा जाने लगा है। संस्था भगवा राज द्वारा प्रथम चरण में 1 जून से हाटपिपलिया विधानसभा के 1 हजार मंदिरों में “श्री राम जय राम जय जय राम” का उद्घोष लिखने का संकल्प लिया गया। इस तारतम्य में अभी तक हाटपिपलिया विधानसभा क्षेत्र के 188 गांव में 391 मंदिरों पर उद्घोष लिखा जा चुका है। भगवा राज धर्म जागरण की मुहिम में सभी मंदिरों पर नवीन भगवा ध्वज भी लगाए जा रहे हैं।
संस्था प्रमुख महेश चौहान सिंगावदा ने बताया कि अभियान के 20 दिनों में संस्था के स्वयंसेवक जिन जिन गांव में पहुंचे वहां मंदिर समितियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। संस्था के कार्यकर्ताओं ने भी मंदिर समितियों का सम्मान कर धर्म जागरण अभियान के संबंध में जानकारी दी। श्री चौहान ने बताया कि पूरी विधानसभा क्षेत्र के 1 हजार मंदिरों तक पहुंचने का लक्ष्य संस्था द्वारा निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए संस्था के कार्यकर्ता लगातार एक गांव से दूसरे गांव भ्रमण कर रहे हैं। हाटपिपलिया विधानसभा क्षेत्र के उज्जैन रोड स्थित बांगर- बैरागढ़ क्षेत्र से प्रारंभ हुई यात्रा अब हाटपिपलिया नगर के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंच चुकी है। इस बीच सभी गांव में मंदिरों पर ध्वजारोहण किया गया। मंदिरों के द्वार पर शुभ-लाभ भी लिखा गया। अभियान के अगले चरण में अन्य मंदिरों पर भी ध्वजारोहण करने की योजना है। धर्म जागरण अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज को धर्म की मुख्यधारा से जोड़ना और जागरूक करना है।
श्री चौहान ने कहा कि अगले चरण में मंदिरों के संचालन में आने वाली परेशानियों को दूर करने के लिए कार्य किया जाएगा। पूरे अभियान में चौहान के नेतृत्व में शुभम पंवार, संदीप चौहान, सुंदर पेंटर, शुभम चौहान, शुभम अचलूखेड़ी, सतीष गोस्वामी, पवन तंवर, नीलेश केलवा, अंकित मीणा, सुरेश बांगड़दा,सतीष सरपंच, पप्पू चौहान सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल हैं।