जनसेवा की मिसाल बने कोरोना योद्धाओं का समारोहपूर्वक किया गया गरिमामय सम्मान

देवास। कोरोना महामारी के संकटकाल में मार्च माह से लेकर मई माह तक ढाई महीने तक गरीबों, जरूरतमंद जनो की सेवा की मिसाल बने कोरोना योद्धाओ का समारोहपूर्वक गरिमामय सम्मान किया गया। पार्षद दिलीपसिंह ठाकुर मित्रमंडल की और से रखे गये जनसेवक पार्षद प्रदीप चौधरी एवं साईनाथ मेमोरियल स्कूल के डायरेक्टर शकील कादरी के सम्मान समारोह की अध्यक्षता पूर्व महापौर शरद पाचुनकर द्वारा की गई। 

सम्मान समारोह में कोरोना काल में प्रमुख जनसेवक बनकर उभरे पूर्व पार्षद प्रदीप चौधरी ने कहा कि शहर में लाखों की संख्या में निर्धन, जरूरतमंद लोगों के साथ ही बायपास मार्ग पर महाराष्ट्र, राजस्थान, गुजरात से सेकड़ो किलोमीटर पैदल चलकर अपने गांव जा रहे भूखे, प्यासे राहगिरो की भी पलकपावड़े बिछाकर सेवा की गई। 15 से 20 हजार लोगो को चप्पल, जूते पहनाकर विदा किया गया। देवास की सेवा से अभिभूत बिहार, उत्तरप्रदेश, झारखंड, नेपाल में सकुशल अपने गांव पंहुचे लोगो के आज भी फोन आ रहे है कि भैया हम देवास की सेवा, परोपकार को कभी नहीं भूल सकते। यह सुनकर ही मन प्रफुल्लित हो जाता है कि चलो जीवन में यह तो पूण्य कमाया। 
साईनाथ मेमोरियल हाईसेकेंड्री स्कूल संस्थान के माध्यम से बिना किसी प्रचार, दिखावे के जनसेवा करने वाले शकील कादरी सर ने कहा कि हमने अपने सामर्थ के अनुरूप, निर्धन जनो के साथ ही मध्यमवर्गीय परिवारो तक भी राशन सामग्री पंहुचाई। वह मध्यमवर्ग जो किसी के समक्ष हाथ नहीं फेला सकता, लेकिन वास्तव में आर्थिक तंगी से परेशान रहा।

Post Author: Vijendra Upadhyay