देवास, 09 जुलाई 2020/ कलेक्टर चन्द्रमौली शुक्ला के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से शुरू किये गये ‘किल कोरोना अभियान’ अभियान के अंतर्गत कोरोना संक्रमण की ट्रांसमिशन चेन को तोड़ने और आमजनो की सुरक्षा एवं बचाव हेतु टीम घर-घर सर्वे कार्य को पूरा करने में लगी हुई है। आमजनों को कोरोना संक्रमण बचाव हेतु सुरक्षा एवं बचाव के बारे में भी टीमो द्वारा बताया जा रहा है। यह अभियान 15 जुलाई 2020 तक संचालित किया जावेगा।
राज्य शासन के निर्देशानुसार देवास जिले में विगत 01 जुलाई से 15 जुलाई 2020 तक संचालित किये जा रहे किल कोरोना अभियान के अंतर्गत डोर-टू-डोर सर्वे के लिए पूरे जिले में प्रतिदिन घर-घर सर्वे के लिए आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं की 1657 पायलट टीमें गठित की गई हैं। जबकि 287 मुख्य टीमें मॉनिटरिंग के लिए बनाई गई हैं तथा 37 टीमें सेम्पलिंग लेकर जांच कर रही है। प्रत्येक टीम को नॉन कान्टेक्ट थर्मामीटर, पल्स ऑक्सीमीटर और जरूरी प्रोटेक्टिव गियर उपलब्ध कराया गया है।

