डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्रिया वर्मा को बनाया नोडल अधिकारी
———-
देवास, 27 अप्रैल 2021/ कोरोना वायरस के संक्रमण को दृष्टिगत रखते हुए जिले में पदस्थ/ कार्यरत शासकीय अधिकारियों/ कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर चंद्रमौली शुक्ला ने जिला कोरोना योद्धा रोल का गठन किया है। कलेक्टर शुक्ला ने डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्रिया को जिला कोरोना योद्धा सेल का नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
कलेक्टर शुक्ला ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों / कर्मचरियों को आगामी आदेश तक के लिये कलेक्टर कार्यालय देवास में संयोजित करने के निर्देश दिए है। उन्होंने नोडल की सहायता हेतु अधिकारियों / कर्मचारियों की इयूटी जिला कोरोना योद्धा सेल में लगाई है। सहायक अधिक्षक भू अभिलेख मुरलीधरन, सहायक ग्रेड-2 कलेक्टर कार्यालय देवास दिनेश जिनवाल, डाटा इंट्री आपरेटर कलेक्टर कार्यालय श्री रितेश पंवार संयोजित किये गये अधिकारी / कर्मचारी नोडल अधिकारी द्वारा दिये गये निर्देशों का पालन करेंगे। आदेशों का पालन नहीं किये जाने या दिये गये निर्देशों की अवहेलना किये जाने की दशा में संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की धारा 56 तथा भारतीय दण्ड संहिता, 1860 की धारा 188 के अन्तर्गत नियमानुसार दण्डात्मक कार्यवाही की जावेगी।
कोरोना योद्धा सेल के दायित्व
शासकीय अधिकारी कर्मचारी तथा उनके परिवारजनों को कोविड-19 होने पर उनके इलाज में मदद करना। किस अस्पताल में कोविड बेड उपलब्ध है, इसकी जानकारी उपलब्ध कराना। आवश्यक होने पर रेमडेसिविर इंजेक्शन व अन्य जीवन रक्षक दवाईयां उपलब्ध कराने में मदद कराना। शासकीय व निजी अस्पतालों में उपचार के दौरान संक्रमित अधिकारियों/ कर्मचारियों अथवा उनके परिवारजनों की सहायता करना। समस्त शासकीय अधिकारियों/ कर्मचारियों के लिए कोविड टेस्टिंग की व्यवस्था करना सुनिश्चित करें। कोविड-19 बीमारी के कारण शासकीय अधिकारी/ कर्मचारी की मृत्यु हो जाने पर कोरोना योद्धा योजना में उसके परिवार को शासन स्तर से आर्थिक सहायता दिलाने हेतु आवश्यक कार्यवाही करना।