संतों के सानिध्य में शीलनाथजी महाराज की प्रतिमा हुई प्राण प्रतिष्ठा

  • चार दिवसीय यज्ञ की पूर्णाहुति के साथ हुआ प्रसाद वितरण, 5 हजार से अधिक भक्त हुए शामिल

देवास। देवास शहर के प्रसिद्ध व प्राचीन स्थल शीलनाथ धूनी संस्थान में नाथ सम्प्रदाय के संतों के सानिध्य में सद्गुरु योगेंद्र शीलनाथ जी महाराज की भव्य प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा समारोह गुरुवार को संपन्न हुआ। इसी दिन पिछले 4 दिनों से चल रहे यज्ञ की पूर्णाहुति भी हुई। तत्पश्चात आरती व प्रसाद वितरण किया गया। एक अनुमान के अनुसार सुबह से लेकर देर शाम तक करीब 5 हजार भक्तों ने पहुंचकर अपने गुरुदेव के चरणों में मत्था टेका व आशीर्वाद लिया। शीलनाथ धूनी ट्रस्ट के ट्रस्टी भगवानसिंह चावड़ा व अजीत भल्ला ने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए विशेष रूप से सुल्तानपुर गादी के मठाधीश संत सुंदरनाथ जी, संत संतोष नाथ जी, फतियाबाद हरियाणा से संत ज्ञाननाथ जी व उज्जैन से संतश्री रामनाथजी पधारे थे। इन्हीं संतों के सानिध्य में गुरुदेव शीलनाथजी की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा हुई। पिछले चार दिनों से शीलनाथ धूनी पर यज्ञ चल रहा था, जिसकी पूर्णाहुति भी गुरुवार को की गई। इस दौरान नाथ परंपरा के अनुसार 9 नाथों का बाना भेंट किया गया, जिसमें वेशभूषा, कमंड से लेकर अन्य सामग्री शामिल थी।

Post Author: Vijendra Upadhyay